नंदलाल तुरी
झारखंड सरकार का महत्वाकांक्षी कार्यक्रम "आपकी योजना – आपकी सरकार – आपके द्वार" पाकुड़ जिले में 21 नवंबर से शुरू होने जा रहा है। यह जन-कल्याणकारी अभियान 15 दिसंबर तक चलेगा, जिसके तहत जिले की सभी 128 पंचायतों और नगर परिषद क्षेत्र के 21 वार्डों में शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इन शिविरों का मुख्य लक्ष्य सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे और सुगमता से आम जनता तक पहुँचाना है।
उपायुक्त मनीष कुमार ने इस कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए सभी संबंधित पदाधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित निष्पादन और नए पात्र लाभुकों को योजनाओं से जोड़ना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उपायुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों और अंचल अधिकारियों को व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है, ताकि शत-प्रतिशत योग्य लाभार्थियों को लाभ मिल सके। उन्होंने विभागीय समन्वय स्थापित करने और मौके पर ही समाधान को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
इन शिविरों में सरकार की प्रमुख लोक-कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त किए जाएँगे। इनमें अबुआ आवास योजना, सर्वजन पेंशन योजना, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री पशुधन योजना, किसान क्रेडिट कार्ड (KCC), बिरसा हरित ग्राम योजना, और अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाएँ शामिल हैं। इसके अलावा, हरा राशन कार्ड, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, और गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड के लिए भी आवेदन लिए जाएँगे।
शिविरों की एक महत्वपूर्ण विशेषता ऑन-द-स्पॉट सेवाएँ और शिकायत निवारण है। कई सेवाएँ तत्काल उपलब्ध कराई जाएँगी, जिनमें लैमिनेटेड जाति प्रमाण पत्रों का वितरण, SHG/क्लस्टर सदस्यों को ID कार्ड वितरण, और धोती, साड़ी एवं लुंगी के साथ-साथ कंबल का वितरण शामिल है। साथ ही, राशन/आधार कार्ड संशोधन, जन्म/मृत्यु प्रमाण पत्र संशोधन, और बिजली बिल से संबंधित समस्याओं का समाधान भी शिविर स्थल पर ही किया जाएगा।
उपायुक्त मनीष कुमार ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी पंचायत में आयोजित शिविरों में पहुँचकर अधिकतम योजनाओं का लाभ प्राप्त करें। उन्होंने सभी नागरिकों से आग्रह किया है कि वे आधार कार्ड, वोटर ID, बैंक पासबुक और पहचान से जुड़े अन्य आवश्यक दस्तावेज अपने साथ लाएँ, ताकि प्रक्रिया सुगमता से पूरी की जा सके। नोडल अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे प्रत्येक दिवस अपने शिविर स्थल पर उपस्थिति सुनिश्चित करें।
21 नवंबर को निम्न पंचायतों में होगा शिविर आयोजन
अमड़ापाड़ा प्रखंड के जामुगड़िया पंचायत भवन, हिरणपुर प्रखंड के बाबूपुर पंचायत, मनिडांगा प्राथमिक विद्यालय के पास, महेशपुर प्रखंड के शहरग्राम पंचायत, अमलागाछी फुटबॉल मैदान, पाकुड़ प्रखंड के शहरकोल पंचायत भवन एवं पोचाथोल पंचायत भवन,पाकुड़िया प्रखंड के मोंगलाबांध पंचायत सचिवालय परिसर एवं पाकुड़ नगर परिषद के वार्ड 01, वार्ड विकास केंद्र, नया बस पड़ाव।
22 नवंबर को निम्न पंचायतों में होगा शिविर आयोजन
पाकुड़ प्रखंड के मालपहाड़ी पंचायत भवन, हिरणपुर प्रखंड अंतर्गत बरमसिया पंचायत के वीरग्राम आंगनबाड़ी केंद्र के पास, लिट्टीपाड़ा प्रखंड के लिट्टीपाड़ा पंचायत परिसर, महेशपुर प्रखंड अंतर्गत रोलाग्राम पंचायत के मध्य विद्यालय मैदान एवं तेलियापोखर पंचायत भवन के बगल में।