द फॉलोअप डेस्क
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने झारखंड के लिए कई बड़ी सड़क परियोजनाओं की घोषणा की है। इन परियोजनाओं के तहत राज्य में आधुनिक सड़क और हाईवे का निर्माण किया जाएगा, जिससे परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और यातायात में उल्लेखनीय सुधार होगा।
परियोजनाओं में महगामा से एकचारी तक फोर लेन सड़क का निर्माण शामिल है, जिसकी लागत 1500 करोड़ रुपये होगी। इस परियोजना से क्षेत्र में यातायात की सुविधा बेहतर होगी। इसके अलावा देवघर से हंसडीहा तक चार लेन सड़क का निर्माण 1700 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा, जिससे यात्रा का समय घटेगा और आवागमन अधिक सुगम होगा। एक अन्य बड़ी परियोजना के तहत देवघर से मधुपुर तक फोर लेन सड़क और एक बायपास मार्ग का निर्माण प्रस्तावित है, जिस पर 2500 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे यातायात व्यवस्था में सुधार के साथ यात्रा का समय भी कम होगा।
राज्य में नए राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण से झारखंड के यातायात नेटवर्क को विस्तार मिलेगा। इसके तहत मधुपुर से जामताड़ा (मरगोमुंडा होकर), बाराहाट से कहलगांव तक और गोड्डा से ढाकामोड़ तक नए नेशनल हाइवे बनाए जाएंगे। इन सड़कों से क्षेत्रीय संपर्क बेहतर होगा, स्थानीय आवागमन सुगम होगा और आसपास के इलाकों के विकास को गति मिलेगी। साथ ही यह झारखंड में पर्यटन को भी बढ़ावा देंगे।
राज्य में नदी तटों के सौंदर्यीकरण और विकास को लेकर भी योजनाएं बनाई गई हैं। इनमें गोड्डा में कझिया रिवर फ्रंट और देवघर में ढ़डवा रिवर फ्रंट का विकास शामिल है। इन परियोजनाओं से धार्मिक और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे न केवल स्थानीय अर्थव्यवस्था सशक्त होगी बल्कि शहरों का सौंदर्यीकरण भी होगा।
