गिरिडीह
जिले के बिरनी थाना क्षेत्र में बुधवार रात अज्ञात बदमाशों ने एक युवक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घायल युवक की पहचान पूर्णानगर निवासी नंदकिशोर माली के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, घटना करमाटांड़ और बरमसिया के बीच स्थित जंगल क्षेत्र में हुई। बताया जा रहा है कि युवक किसी कार्य से उस इलाके से गुजर रहा था, तभी अज्ञात हमलावरों ने उस पर फायरिंग कर दी। गोली उसकी कमर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया।

इधर, घटना की जानकारी मिलते ही बिरनी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के इलाके में छानबीन कर रही है तथा हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल गोली मारने के पीछे के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस का कहना है कि सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
