logo

दुमका में कोल ब्लॉक के विरोध में बवाल, 12 पुलिसकर्मी घायल

दुमका में कोल ब्लॉक के विरोध में बवाल, 12 पुलिसकर्मी घायल

दुमका: 
Dumka News: झारखंड के दुमका जिले में प्रस्तावित कोल ब्लॉक को लेकर विरोध के बीच रविवार देर रात स्थिति तनावपूर्ण हो गई। शिकारीपाड़ा प्रखंड के बादलपाड़ा-कल्याणपुर क्षेत्र में कोल ब्लॉक के बोरिंग कार्य को लेकर आयोजित ग्रामसभा के दौरान ग्रामीणों ने कोल कंपनी के कर्मियों को बंधक बना लिया। उन्हें मुक्त कराने पहुंची पुलिस पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। जवानों के अनुसार, पुलिसकर्मियों पर डंडों से भी हमला किया गया। इस घटना में 12 पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि 2 की हालत गंभीर बनी हुई है।

बंधक बनाए गए कर्मियों को छुड़ाने पहुंची थी पुलिस
जानकारी के अनुसार, रविवार को प्रस्तावित कोल ब्लॉक के बोरिंग कार्य को लेकर ग्रामसभा आयोजित की गई थी। इस दौरान कोल ब्लॉक का विरोध कर रहे ग्रामीणों ने कंपनी के कर्मियों को बंधक बना लिया। सूचना मिलने पर देर शाम शिकारीपाड़ा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और कर्मियों को मुक्त कराने का प्रयास किया। हालांकि, ग्रामीणों ने उन्हें छोड़ने से इनकार कर दिया। इसके बाद रात करीब 12 बजे मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस बल भेजा गया। इसी दौरान पुलिसकर्मियों पर पथराव किया गया। जवानों के मुताबिक, उन पर डंडों से भी हमला किया गया, जिसमें नौ पुलिसकर्मी घायल हो गए।

रात दो बजे अस्पताल पहुंचे घायल जवान
घायल पुलिसकर्मियों को रात करीब दो बजे फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया गया। घायलों की पहचान आनंद मुर्मू, चार्ल्स मुर्मू, फूल कुमार यादव, विनोद दास, पूनम देवी, मुन्ना कुमार, शिवजी यादव, अनिल दास और अमरनाथ कुमार के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलने पर उप विकास आयुक्त अनिकेत सचान भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल जवानों का हालचाल जाना और उनके इलाज की जानकारी ली।

हमले में शामिल लोगों की पहचान कर रहा प्रशासन
डीडीसी अनिकेत सचान ने बताया कि कोल माइंस को लेकर ग्रामसभा आयोजित की गई थी। इसी दौरान हंगामा हुआ और लोगों ने पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।

Tags - Dumka NewsCoal Block ProtestPolice AttackShikaripara ViolenceJharkhand News