logo

सिमडेगा : झारखंड स्थापना दिवस पर 11 से 15 नवंबर तक विविध कार्यक्रमों का आयोजन, DC कंचन सिंह ने दी जानकारी

dfgksyks.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड राज्य के स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने पर पूरे राज्य में उत्सव का माहौल है। इसी क्रम में सिमडेगा जिले में भी 11 नवंबर से 15 नवंबर तक पांच दिवसीय भव्य कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। उपायुक्त कंचन सिंह ने बताया कि यह आयोजन जिले के लोगों की सक्रिय भागीदारी और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बनेगा।

डीसी ने जानकारी दी कि कार्यक्रमों की शुरुआत 11 नवंबर 2025 को “Run for Jharkhand” से होगी। इसका शुभारंभ प्रातः 7:00 बजे से 8:00 बजे तक परमवीर अल्बर्ट एक्का स्टेडियम से किया जाएगा। यह दौड़ स्टेडियम–बाजार टांड़–सिमडेगा कॉलेज मोड़–केलाघाघ मोड़–मेन रोड–महावीर चौक–झूलन सिंह चौक होते हुए पुनः स्टेडियम में समाप्त होगी। इस अवसर पर सभी प्रखंडों के प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा, जो जिले के सभी पंचायतों में जाकर राज्य स्थापना दिवस एवं “आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार” से जुड़ी जागरूकता फैलाएंगे।

12 नवंबर 2025 को “सुबह ए झारखंड” कार्यक्रम के अंतर्गत अल्बर्ट एक्का स्टेडियम परिसर में सुबह 6:00 से 8:00 बजे तक रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें विद्यालयों के विद्यार्थी और शहर की इच्छुक महिलाएं भाग लेंगी। साथ ही स्ट्रीट डांस का भी आयोजन होगा, जिसमें क्षेत्रीय कलाकार, छात्र-छात्राएं और आम नागरिक शामिल होंगे।
13 नवंबर 2025 को “Know Your Tourist Place” थीम पर साइकिल रेस का आयोजन किया जाएगा। यह रेस अल्बर्ट एक्का स्टेडियम से प्रारंभ होकर केलाघाघ पर्यटन स्थल तक जाएगी। इसका उद्देश्य जिले के पर्यटन स्थलों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सिमडेगा की प्राकृतिक सुंदरता को पहचान दिलाना है।

14 नवंबर 2025 को प्रातः 11:00 बजे से 1:00 बजे तक पेंटिंग व क्विज़ प्रतियोगिता का आयोजन अल्बर्ट एक्का स्टेडियम में होगा। शाम 5:00 बजे से 7:00 बजे तक “जतरा कार्यक्रम” के तहत भव्य सांस्कृतिक झांकियाँ और पारंपरिक लोकनृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे। यह जतरा अल्बर्ट एक्का स्टेडियम से निकलकर झूलन सिंह चौक–नीचे बाजार होते हुए वापस स्टेडियम में सम्पन्न होगी।
15 नवंबर 2025 को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती एवं राज्य स्थापना दिवस@25 झारखंड के अवसर पर जिले एवं प्रखंड मुख्यालयों में स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया जाएगा। इसके बाद नगर भवन (टाउन हॉल) में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा तथा सांस्कृतिक संध्या के साथ कार्यक्रमों का समापन किया जाएगा।
डीसी कंचन सिंह ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे अपने घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों को झारखंड उत्सव की भावना में सजाएँ, जैसे दीपावली के अवसर पर सजाया जाता है। उन्होंने कहा कि “यह केवल उत्सव नहीं, बल्कि हमारे राज्य के संघर्ष, समर्पण और गौरव को याद करने का अवसर है। कार्यक्रमों की तैयारी के लिए डीसीएलआर की अध्यक्षता में एक समिति गठित की गई है, जो शिक्षा, ग्रामीण विकास, नगर परिषद, आईसीडीएस समेत सभी विभागों के समन्वय से तैयारियाँ सुनिश्चित कर रही है।

 

Tags - jharkhand news updates latest jharkhand News Simdega news Updates latest jharkhand Updates Jharkhand news updates Jharkhand news in hindi Simdega News Updates Jharkhand News in hindi jharkhand News Updates Simdega news Simdega news in hindi lat