logo

उलिहातू जाएंगे उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, तैयारियों में जुटा प्रशासन

CP-Radhakrishnan.jpg

द फॉलोअप डेस्क
देश के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन 28 मार्च को भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू का दौरा करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे सुबह 11:40 बजे उलिहातू पहुंचेंगे और करीब एक घंटे तक वहां रहेंगे। इस दौरान उपराष्ट्रपति महान स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे तथा उनके वंशजों से मुलाकात भी करेंगे। कार्यक्रम के बाद वे सीधे रांची के लिए रवाना हो जाएंगे। यह दौरा खास इसलिए भी माना जा रहा है क्योंकि उपराष्ट्रपति बनने के बाद उनका यह पहला उलिहातू दौरा होगा। इससे पहले वे झारखंड के राज्यपाल रहते हुए भी यहां आ चुके हैं। उपराष्ट्रपति के आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। उलिहातू के कंट्रापीढ़ी क्षेत्र और खूंटी स्थित आईओसीएल डिपो के पीछे अस्थायी हेलीपैड का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। साथ ही हेलीपैड स्थल की साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को भी दुरुस्त किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि नरेंद्र मोदी के दौरे के दौरान भी इसी क्षेत्र में अस्थायी हेलीपैड बनाए गए थे। अनुमंडल पदाधिकारी दीपेश कुमारी ने उपराष्ट्रपति के दौरे की पुष्टि करते हुए बताया कि उनका करीब एक घंटे का कार्यक्रम निर्धारित है। बुधवार को एसडीओ दीपेश कुमारी, डीएसपी वरुण रजक और खूंटी थाना पुलिस की टीम ने हेलीपैड व आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।