सीतेश सिंह, हजारीबाग
बड़ी खबर हजारीबाग से सामने आ रही है, जहां चट्टी बारियातू कोयल माइंस क्षेत्र में कंपनी द्वारा बिना किसी पूर्व वार्ता के काम शुरू करने को लेकर भारी बवाल हो गया है। मिली जानकारी के अनुसार, चट्टी बारियातू कोयल माइंस में कंपनी ने ग्रामीणों से बिना किसी समझौते और वार्ता के जबरन काम शुरू कर दिया। इसका विरोध करने पहुंचे रैयतों पर कथित तौर पर लाठी-डंडों से हमला किया गया, जिसमें कई ग्रामीण घायल हो गए हैं।

घटना में एक महिला के साथ बर्बरता से मारपीट किए जाने का भी आरोप है। महिला को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना से इलाके में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनी और सुरक्षा कर्मियों ने जबरन काम कराने की कोशिश की और विरोध करने पर लाठीचार्ज किया गया। इसके बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।

घटना के विरोध में बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए हैं और काम को तत्काल बंद करने की मांग कर रहे हैं। मौके पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि स्थिति को नियंत्रण में रखा जा सके। फिलहाल पूरे इलाके में तनाव बना हुआ है। प्रशासन और कंपनी प्रबंधन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। हालात पर हमारी नजर बनी हुई है।
.jpeg)