logo

हिनू में कार की टक्कर के बाद हिंसक विवाद, 15 युवकों पर हमला और लूट का आरोप

हिनू में कार की टक्कर के बाद हिंसक विवाद, 15 युवकों पर हमला और लूट का आरोप

द फॉलोअप डेस्क, रांची:
डोरंडा थाना क्षेत्र के हिनू इलाके में कार में टक्कर लगने के बाद दो पक्षों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। अमन कुमार ने ग्रैंड विटारा के चालक विशाल सिंह सहित करीब 15 युवकों के खिलाफ मारपीट, हथियार से हमला करने और नकदी व सोने की चेन छीनने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

घटना 6 सितंबर की शाम करीब 7:15 बजे हिनू सेंट्रल बैंक के पास की बताई जा रही है। अमन के अनुसार वह धुर्वा की ओर से हिनू जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक ग्रैंड विटारा ने उनकी कार को टक्कर मार दी। वाहन को हुए नुकसान की भरपाई को लेकर दोनों पक्षों के बीच बातचीत हो रही थी। इसी बीच अमन के पिता दुर्गेश वर्मन भी वहां पहुंच गए।

अमन ने पुलिस को क्या-क्या बताया?
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बातचीत के दौरान ग्रैंड विटारा में सवार युवक ने अपने परिचितों को मौके पर बुला लिया। थोड़ी देर में कई युवक वहां पहुंचे और अमन तथा उनके साथ मौजूद लोगों के साथ मारपीट करने लगे। अमन ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने लोहे की रॉड और धारदार हथियार का इस्तेमाल किया। इस दौरान उनके पिता के सिर में भी गंभीर चोट लगी। 

अमन ने पुलिस को बताया कि मारपीट के दौरान उनकी जेब से 5 हजार रुपये निकाल लिए गए। साथ ही उनके पिता के गले से सोने की चेन भी छीनने का आरोप लगाया गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पेट्रोलिंग पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को थाना लेकर गई। शिकायत के आधार पर डोरंडा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और आरोपों की पुष्टि के लिए संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।

 

Tags - RanchiHinooDoranda thanaCrimeJharkhand