द फॉलोअप डेस्क
रांची के जिला स्कूल मैदान में रविवार को वार्ड नंबर 22 क्रिकेट क्लब की ओर से टेनिस क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में वार्ड नंबर 22 की चार टीमों ने भाग लिया। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला टीम अमन और जावेद इलेवन के बीच खेला गया, जिसमें टीम अमन ने 19 रनों से शानदार जीत दर्ज की। फाइनल मुकाबले में टीम अमन के खिलाड़ी लकी ने धुआंधार बल्लेबाज़ी करते हुए 32 रन बनाए और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। वहीं गेंदबाज़ी में पीके ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 2 ओवर में मात्र 7 रन देकर 2 विकेट झटके। टूर्नामेंट के आयोजक मो. अकबर उर्फ मुन्ना ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी वार्ड 22 के युवाओं को खेल से जोड़ने के उद्देश्य से टेनिस क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि आज के युवा तेजी से खेलकूद से दूर होकर नशे की ओर बढ़ रहे हैं, जिसे देखते हुए इस तरह के आयोजन जरूरी हैं ताकि युवा खेल के माध्यम से स्वस्थ और अनुशासित जीवन की ओर अग्रसर हों। इस क्रिकेट टूर्नामेंट में मुख्य अतिथि के रूप में आमाया संगठन के अध्यक्ष एस. अली एवं समाजसेवी मो. मुमताज़ उपस्थित रहे।
एस. अली ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के खेल आयोजन युवाओं के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। आज मोबाइल की लत और नशे की बढ़ती प्रवृत्ति युवाओं के भविष्य के लिए खतरा बनती जा रही है। खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक सोच भी विकसित करते हैं। वहीं समाजसेवी मो. मुमताज़ ने आयोजन को बधाई देते हुए कहा कि समाज, अभिभावक और प्रशासन को मिलकर युवाओं को खेल के मैदानों की ओर लौटाने की आवश्यकता है, ताकि वे नशा और मोबाइल की लत से दूर रहकर एक स्वस्थ, सशक्त और उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर सकें। इस आयोजन को सफल बनाने में जावेद, शहबाज़, पीके इम्तियाज़, शहजाद, मिस्टर उर्फ माजिद, लकी, मिठू, इमरान, सानू, मिंटू सहित कई लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।"
