द फॉलोअप डेस्क
झारखंड के ज्यादातर जिलों में आने वाले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला-बदला रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार, राज्यभर में बारिश का सिलसिला बना रहेगा और लोगों को तपती गर्मी से राहत मिलती रहेगी। मौसम विभाग ने बताया है कि 29 मई तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे ही रहेगा। इसके साथ ही तेज रफ्तार से हवाएं भी चलेंगी, जिससे मौसम और सुहावना बन जाएगा। राज्य के कई इलाकों में गर्जन, वज्रपात और हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश की संभावना जताई गई है। इसे ध्यान में रखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। 24 मई को राजधानी रांची समेत कई क्षेत्रों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
राजधानी में 29 मई तक अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान में भी गिरावट का अनुमान है। पिछले 24 घंटे में कोल्हान क्षेत्र और रांची के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। सबसे अधिक बारिश चाईबासा के सदर क्षेत्र में 102.6 मिमी हुई है। वहीं, डाल्टेनगंज का तापमान सबसे ज्यादा 40.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे ठंडा लातेहार रहा, जहां तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज को छोड़कर बाकी जिलों में 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और वज्रपात की आशंका जताई गई है। वहीं, उत्तर-पूर्वी हिस्सों में हवा की रफ्तार 40 किमी प्रति घंटे तक हो सकती है।
25 और 26 मई को उत्तर-पूर्वी झारखंड के आठ जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का पूर्वानुमान है। 27 और 28 मई को भी यह सिलसिला जारी रह सकता है। राजधानी रांची में भी 28 मई तक बारिश और गर्जन का अनुमान है, जहां तापमान दिन में करीब 33 और रात में 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। झारखंड में मानसून से पहले ही मौसम ने करवट ले ली है। अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत, बारिश और ठंडी हवाएं लोगों को सुकून देने वाली हैं। बाहर निकलते वक्त छतरी और सतर्कता रखना बेहतर होगा।