logo

रांची : दिवाली में बदल सकता है मौसम का मिजाज, खलल डाल सकती है बारिश 

weather3.jpg

रांची :

रांची सहित पूरे देश में 24 अक्टूबर को दिवाली मनाई जाएगी। लेकिन इस बार दिवाली में मौसम का मिजाज बदल भी सकता है। इसको लेकर रांची मौसम केंद्र ने स्पेशल बुलेटिन जारी की है। इसके तहत राज्य में सामान्यत: बादल छाए रहेंगे। राज्य के उत्तर-पूर्वी और दक्षिण पूर्वी भागों (कोल्हान एवं संथाल क्षेत्र) में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। जबकि, शेष भागों में मौसम मुख्यत: शुष्क रहेगा।

30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी हवा

मौसम केंद्र के अनुसार राज्य के दक्षिण-पूर्वी, उत्तर पूर्वी और निकटवर्ती मध्य जिलों में कहीं-कहीं पर तेज सतही हवा भी चल सकती है। 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चलने की संभावना जताई गई है।

राजधानी में छाए रहेंगे बादल

दिवाली के दिन राज्य के विभिन्न जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। मगर रांची वासियों के लिए राहत की बात है कि यहां बारिश नहीं होने की बात मौसम विभाग ने कही है। मौसम केंद्र के अनुसार रांची में समान्यत: बादल छाए रहेंगे। मौसम मुख्यत: शुष्क रहेगा। मतलब यहां दिवाली में खलल पड़ने की संभावना नहीं है।