logo

झारखंड में मौसम की मार, लू से 13 और वज्रपात से 8 की मौत; पलामू प्रमंडल गर्मी से राहत नहीं

ूासज7.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
झारखंड में भीषण गर्मी पड़ रही है। लू से अब तक 60 लोगों की मौत हो गई है। सिर्फ पलामू प्रमंडल में लू से 31 लोगों की जान चली हई है। झारखंड के कई हिस्सों में लगातार चौथे दिन शनिवार को लू का कहर जारी रहा। बीते 24 घंटे के दौरान लू से पलामू में नौ लोगों की मौत हुई है। वहीं चतरा में दो, गढ़वा और चाईबासा में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई। 29 मई को राज्यभर में पांच लोगों की मौत हो हुई थी। जबकि 30 मई को 14 और 31 मई को 28 लोगों की जान चली गई थी। 


पलामू गढ़वा में लू से राहत नहीं 
शनिवार को पलामू के मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री दर्ज किया गया। पलामू, गढ़वा और लातेहार में अगले दो दिनों के दौरान भी लू से राहत नहीं मिलेगी। जबकि राज्य के शेष भागों में अगले 24 घंटों के दौरान धूल भरी आंधी और गरज के साथ बारिश हो सकती है। कहीं-कहीं वज्रपात की भी आशंका है। आंधी की रफ्तार 40 से 50 किमी प्रतिघंटे रह सकती है।


गर्मी से मिली कुछ राहत 
इधर राज्य के कई हिस्सों में शनिवार को मौसम बदलाव व बारिश के कारण भीषण गर्मी से राहत मिली। दोपहर बाद राजधानी रांची में घने बादल छाए और तेज हवा के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश भी हुई। इसमें चतरा, धनबाद, जामताड़ा, रामगढ़, गिरिडीह आदि जिलों में छिटपुट बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में वातावरण के ऊपरी स्तर पर पश्चिमी हवा और निचले स्तर पर आंशिक रूप से पूर्व की हवा आने से मौसम में बदलाव हो रहा है। यह बदलाव अगले तीन दिनों तक रहने की संभावना है।


वज्रपात से 8 मौत हुई
शनिवार को राज्य के कई इलाकों में आंधी, बारिश और वज्रपात ने भी कहर बरपाया है। इस दौरान राज्य में कुल आठ लोगों की मौत हो गई। चतरा में वज्रपात से दो लोगों की, गिरिडीह के बेंगाबाद में 17 वर्षीया एक छात्रा, रामगढ़ में भी दो, हजारीबाग में एक और देवघर में एक किशोरी की मौत हो गई। इधर, रांची के सिल्ली में वज्रपात से एक व्यक्ति की मौत हो गई। उधर, आंधी से लातेहार के चंदवा में एक महिला की मौत बांस में दब जाने से हो गई।

Tags - Jharkhand weather Jharkhand weather heat in Jharkhand rain in Jharkhand Jharkhand summer season 60 dead due to heat wave heat wave in Jharkhand