रांची
झारखंड में 15 मई तक मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा. मौसम विभाग के अनुसार, 10 मई को राज्य में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है. इसे लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक, 13 मई को पूरे राज्य में आंशिक बादल छाए रहने के साथ कई जगहों पर बारिश और वज्रपात की स्थिति बनेगी. वहीं 14 और 15 मई को उत्तर-पश्चिमी हिस्से को छोड़कर राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, मेघ गर्जन और तेज हवा चलने का अनुमान है.

दोपहर बाद हो सकती है बारिश
राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में भी रोजाना बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने और तापमान 31 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना जताई गई है. दिन के समय तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि दोपहर बाद कई जिलों में बादल छाने, तेज हवा चलने और हल्की बारिश होने के आसार हैं. बता दें शनिवार को रांची में दोपहर बाद आसमान में बादल छाए रहे. शाम करीब सात बजे के बाद तेज हवा और गर्जन के साथ बारिश हुई. शहर में लगभग चार मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जिससे मौसम थड़ा हो गया. देर रात तक रामगढ़, हजारीबाग, खूंटी, पलामू और पूर्वी सिंहभूम समेत कई इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश हुई.
मेदिनीनगर का तापमान सबसे अधिक
शनिवार को राज्य में सबसे अधिक तापमान मेदिनीनगर में दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं रांची का अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो पिछले 24 घंटे में 0.9 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा. दूसरी ओर बोकारो का अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. यहां पिछले 24 घंटे में तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई.