द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग और बोकारो के बाद अब पश्चिमी सिंहभूम में कोषागार से लाखों रुपये की अवैध निकासी का मामला सामने आया है। पुलिस विभाग के खातों से करीब 45 लाख रुपये निकाले जाने की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।

जांच में जुटी टीम, एक आरक्षी हिरासत में
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। जिले के उपायुक्त मनीष कुमार इसकी जांच कर रहे हैं, वहीं रांची मुख्यालय से वित्तीय टीम भी जांच के लिए पहुंची है। इस मामले में गोइलकेरा क्षेत्र से एक आरक्षी को हिरासत में लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार, संदिग्ध खातों और लेन-देन की गहन जांच के लिए बैंकिंग डाटा जुटाया जा रहा है और तकनीकी विशेषज्ञों की भी मदद ली जाएगी।
.jpg)
लेखा विभाग के कर्मियों से पूछताछ जारी
प्राथमिक जांच के दौरान पुलिस के लेखा विभाग में कार्यरत दो कर्मचारियों से भी पूछताछ की गई है। हालांकि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि राशि की निकासी किस माध्यम से और किस अवधि में की गई। हिरासत में लिए गए सिपाही पर ही निकासी का संदेह जताया जा रहा है, लेकिन उसके द्वारा निकाली गई रकम का कोई स्पष्ट लेखा-जोखा सामने नहीं आया है।