द फॉलोअप डेस्क, रांची:
Jharkhand News: हजारीबाग (Hazaribagh) के गिद्दी में सीसीएल कर्मी मंगलेश पाल हत्याकांड (CCL Employee Manglesh Pal Murder Case) मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी सोनाली, प्रेमी कौशिक कुमार और नाबालिग को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि सोनाली को बंधक बनाकर मंगलेश पाल उर्फ हैप्पी की हत्या की कहानी पूरी तरह मनगढ़ंत थी। पुलिस (Giddi Police, Hazaribagh) ने महज 24 घंटे में वारदात का खुलासा करने का दावा किया है। मामला 18 अक्टूबर का है जहां गिद्दी थाना प्रभारी को तड़के साढ़े 5 बजे सीसीएल कर्मी मंगलेश पाल की हत्या की सूचना मिली थी।
पत्नी ने पुलिस को बताया था कि 2 बदमाशों ने उसके हाथ बांधे, मुंह पर टेप चिपकाया और उनकी आंखों के सामने पति की धारदार हथियार से हत्या कर दी।

सोनाली मंगलेश की नौकरी पाकर प्रेमी से शादी करना चाहती थी
वारदात की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी ने बड़कागांव अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया था। जांच टीम ने एफएसएल, फिंगरप्रिंट और डॉग स्क्वॉड की मदद से घटनास्थल का निरीक्षण कर तकनीकी एवं परिस्थितिजन्य साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान मृतक की पत्नी सोनाली कुमारी से पूछताछ की गई। इसमें हत्या की साजिश में उसके कथित प्रेमी कौशिक कुमार और एक नाबालिग सहयोगी की भूमिका सामने आई।
पुलिस का कहना है कि सोनाली कुमारी ने सीसीएल कर्मी पति की हत्या की साजिश प्रेमी कौशिक कुमार के साथ मिलकर रची थी। वह नौकरी हथियाकर शादी करना चाहती थी।

आरोपियों ने कत्ल के बाद फर्श साफ कर साक्ष्य मिटाना चाहा था
पुलिस ने खुलासा किया है कि सोनाली कुमारी को लगा था कि पति मंगलेश पाल की हत्या करने के पश्चात उसे नौकरी मिल जाएगी और फिर वह प्रेमी कौशिक कुमार से शादी रचा लेगी। आरोपियों ने हत्या के बाद क्वार्टर के फर्श से खून साफ करके साक्ष्य मिटाने का भी प्रयास किया। पुलिस को गुमराह करने के लिए मृतक की पत्नी के हाथ-पांव बांधकर लूटपाट की मनगढ़ंत कहानी रची गई थी।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त खून लगी धारदार दाउली, चाकू, खून लगा पोंछा, आरोपियों के खून लगे कपड़े, चप्पल, 2 मोबाइल फोन बरामद किया। आरोपियों ने मृतक मंगलेश और सोनाली का मोबाइल जला दिया था।