logo

कपड़ा चोरी करते पकड़ी गई महिला की मस्जिद के पिलर पर बांधकर पिटाई

कोलरा.jpg

द फॉलोअप डेस्कः 
रांची के कांके थाना क्षेत्र के सुकुरहुट्टू  में चोरी के आरोप में तीन महिलाओं को बांधकर पीटने का मामला सामने आया है। गांववालों में महिलाओं को इतनी बुरी तरह से पीटा है कि वह चल भी नहीं पा रही हैं। पूरे शरीर में जख्म के निशान हैं। पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कांके पुलिस हरकत में आई। कांके पुलिस ने महिलाओं को खोज निकाला।  घटना के बारे में बताया जा रहा है कि सुकुरहुट्टू की मंसूरी पंचायत ने गांव की दो महिलाओं पर चोरी का आरोप लगाते हुए उन्हें लाठी-डंडे से पीटकर गांव से तड़ीपार करने की सजा सुनाई थी। इसके बाद पंचायत के लोग न सिर्फ दोनों महिलाओं बल्कि उनके परिवार के सदस्यों को भी सुकुरहुट्टू मीनार मस्जिद ले गए, जहां एक महिला को रस्सी से पिलर से बांधकर बेरहमी से पीटा गया, जबकि एक महिला के पति को भी जमकर पीटा गया। 


क्या है पूरा मामला
बताया जा रहा है कि महिला पर रांची के मेन रोड स्थित एक कपड़ा दुकान में चोरी का आरोप लगा था। इसकी जानकारी सुकुरहुट्टू के ग्रामीणों को मिली। इस मामले को लेकर मंगलवार को सुकुरहुट्टू में पंचायत बैठी। बैठक में महिला को भी बुलाया गया। पंचायत में महिला से चोरी की बात कबूल करायी गयी। महिला ने स्वीकार किया कि वह मेन रोड पर चोरी करते पकड़ी गयी थी। इसके बाद पंचायत ने उसे सजा सुनाई। फैसला होते ही महिला और उसके परिवार वालों को सीधे मस्जिद ले जाया गया, जहां उनकी जमकर पिटाई की गई। 


माफी मांगती रही महिला
महिला भीड़ से हाथ जोड़कर माफी मांगती रही लेकिन भीड़ में मौजूद लोगों को दोनों महिलाओं पर जरा भी दया नहीं आई। महिला को बचाने के लिए कोई आगे नहीं आया। पंचायत के लोगों का आरोप है कि दोनों महिलाएं सालों से चोरियां कर रही थीं। वह रांची के मेन रोड, पिठोरिया समेत कई जगहों पर चोरी करते पकड़ी भी गयी थी। पिठोरिया में चोरी करते पकड़े जाने पर उन्हें जेल भी भेजा गया था। इसके बावजूद महिलाओं ने चोरी करना नहीं छोड़ा। कांके थाना प्रभारी रामकुमार वर्मा ने कहा है कि पीड़ित महिलाओं के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी, प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। बताया जा रहा है कि पंचायत ने महिलाओं को मुंह खोलने पर पूरे परिवार को गांव से बाहर निकालने की धमकी भी दी है।