द फॉलोअप डेस्क
रामगढ़ जिला स्थित पतरातु के CISF कॉलोनी से एक महिला द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, इस घटना की जानकारी मृतक महिला के पति और स्थानीय लोगों के द्वारा पुलिस को दी गई। वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, उसके बाद पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से महिला को फंदे से उतारा गया। गौरतलब है कि फंदे से उतारने के बाद उसे PVUNL अस्पताल ले जाया गया, जहां महिला को डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित कर दिया गया। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, मृतक का पति अमर सिंह CISF में कार्यरत हैं। दरअसल, यह घटना तब हुई जब मृतक का पति अमर सिंह ड्यूटी पर तैनात थे। रात को अमर घर पहुंचे। बहुत देर तक जब दरवाजा खटखटाने के बाद भी नहीं खोला गया तब उनको शक हुआ। बताया जाता है कि अमर इसकी जानकारी अपने पड़ोसियों को दी। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया। दरवाजा खुलने के बाद जब अमर अंदर प्रवेश किये तो उन्होंने देखा कि रामा कमरे में फंदे से झूल रही थी। यह देखकर सभी लोग दंग रह गये।
बहरहाल इस घटना के बाद कॉलोनी में मातम पसरा हुआ है। पुलिस द्वारा पूछताछ में पड़ोसियों ने बताया कि रामा स्वभाव से बहुत सरल थी। हालांकि, आत्महत्या के कारणों का अभी तक पुष्टी नहीं हो पाई है। वहीं, इस घटना को पुलिस पारिवारिक, सामाजिक और अन्य सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कारण स्पष्ट हो सकेगी।