द फॉलोअप, साहिबगंज:
साहिबगंज जिले के मिर्जाचौकी थाना क्षेत्र अंतर्गत तेलियाडीह करमटोला गांव में करमा पूजा के दौरान महिलाओं से कथित छेड़खानी और गाली-गलौज के बाद फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा और एक खोखा बरामद किया गया है। घटना को लेकर गांव की मोनिका देवी, पति रंजीत राम ने 23 सितंबर को मिर्जाचौकी थाना में लिखित शिकायत दी। आवेदन के अनुसार, 22 सितंबर की रात करीब 9:30 बजे गांव की महिलाएं करमा पूजा कर रही थीं।
.jpeg)
देशी कट्टे से फायरिंग
इसी दौरान करण रिखीयासन, पिता स्व. मन्नु रिखीयासन, निवासी ज्योतिमोड़, थाना जिरवाबाड़ी तथा गोड्डा जिला के महगामा थाना क्षेत्र के चुनाचक के रहने वाले रामकुमार राय उर्फ रामा, पिता शिवनाथ राय, वहां पहुंचे और महिलाओं के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज व छेड़खानी करने लगे। आरोप है कि इसी दौरान करण रिखीयासन ने जूते में छिपाकर रखे देशी कट्टे से फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई शुरू की। मिर्जाचौकी थाना में कांड संख्या 80/26 के तहत मामला दर्ज किया गया।

क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा निगरानी
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुशील कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 23 सितंबर की रात प्राथमिकी अभियुक्त करण रिखीयासन और रामकुमार राय उर्फ रामा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से एक देशी कट्टा और एक खोखा बरामद किया गया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मामले में दोनों नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी होने के बाद क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा निगरानी की जा रही है।