द फॉलोअप डेस्क
सावन शुरू होने में अब बस 2 दिन बचे है। ऐसे में विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले का उद्घाटन समारोह 3 जुलाई यानी कल होगा। मेले के उद्घाटन के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को आमंत्रित किया गया है। मेले को लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है।पूरे देवघर को दुल्हन की तरह सजा दिया गया है। जानकारी हो कि इस बार 2 महीने का सावन है,इसे ध्यान में रखते हुए भी व्यवस्था की गई है। दुम्मा से खिजुरिया तक 8 किलोमीटर कांवरियों पथ पर पहली बार गंगा की मिट्टी बिछाई गई है। 10 हजार क्षमता वाले अधिकतम भवन में कांवरियों को सस्ते दर पर भोजन मिलेगा कांवरियों की कतार लगाने को लेकर रूट लाइन में वाटरप्रूफ पंडाल लगाए गए हैं।

भारी मात्रा में प्रशासन मुस्तैद
वहीं मेले को लेकर भारी मात्रा में प्रशासन मुस्तैद रहेगी। लगभग दो माह तक चलने वाले इस मेले में 8640 हजार जवान सुरक्षा के लिए तैनात रहेंगे। बताते चलें कि मेले में 50 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के देवघर पहुंचने का अनुमान है। जानकारी के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था में इंस्पेक्टर 120, एसआई और एएसआई 726, सशस्त्र हवलदार और आरक्षी 1080, लाठी हवलदार आरक्षी 6200, महिला लाठी बल 514, दो एसाल्ट ग्रुप, दो बम निरोधक दस्ता, दो आंशु गैस दस्ता, दो एटीएस टीम और दो श्वान दस्ता की टीम तैनात रहेगी। साथ ही सीआईडी और विशेष शाखा के जवान भी तैनात रहेंगे।

ड्रोन कैमरे से होगी निगरानी
पुलिस मुख्यालय श्रावणी मेले को लेकर तैयारियां युद्ध स्तर पर की जा रही है। इसके तहत राज्य के विभिन्न जिलों में तैनात जवानों के अलावा जैप और प्रशिक्षण केद्र में तैनात जवानों को भी प्रतिनियुक्त किया जाएगा। मालूम हो कि यह प्रतिनियुक्ति 30 जून से एक सितंबर तक के लिए होगी। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर शहर के विभिन्न स्थानों में अस्थाई कंट्रोल रूम भी बनाए जा रहे हैं। भीड़भाड़ वाले इलाके में सीसीटीवी से मॉनिटरिंग की जाएगी। इसके अलावा ड्रोन कैमरे से भी निगरानी की जाएगी।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT