द फॉलोअप डेस्क
भारत के प्रमुख बिजनेस स्कूलों में से एक, XLRI-जेवियर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट ने इनोवेशन और उद्योग-अकादमिक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। संस्थान ने नवोन्मेषी ऊर्जा समाधानों में अग्रणी कंपनी इकोरन एनर्जी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। यह साझेदारी ऊर्जा क्षेत्र में अत्याधुनिक शोध, भविष्य की प्रतिभा निर्माण और सतत विकास को प्रोत्साहित करने पर केंद्रित होगी।
एमओयू पर हस्ताक्षर समारोह में XLRI के निदेशक डॉ. (फादर) सेबेस्टियन जॉर्ज एसजे और इकोरन एनर्जी के एचआर व टेक्नोलॉजी प्रमुख डॉ. स्वामी रेड्डी उराड़ी उपस्थित थे। इसके साथ ही XLRI की ओर से कॉरपोरेट रिलेशनशिप एवं प्लेसमेंट के संयोजक प्रो. कनगराज ए, सह संयोजक प्रो. सुनील सरंगी तथा वरिष्ठ प्रबंधक हिमांशु शेखर और इकोरन एनर्जी की ओर से रमेश नेति व ललिता रानी निस्संकराराव भी मौजूद थे। इस साझेदारी का उद्देश्य छात्रों, शिक्षकों और उद्योग पेशेवरों के लिए प्रभावी अवसर सृजित करना है।
डॉ. (फादर) सेबेस्टियन जॉर्ज ने कहा, "XLRI में हम छात्रों को वास्तविक दुनिया की चुनौतियों के लिए तैयार करनेके लिए प्रतिबद्ध हैं। इकोरन एनर्जी के साथ यह सहयोग नवाचार को बढ़ावा देगा और हमारे स्नातकों को वैश्विक मंच पर नेतृत्व के लिए तैयार करेगा।" वहीं, डॉ. स्वामी रेड्डी ने कहा, "XLRI के साथ साझेदारी हमें देश के बेहतरीन प्रबंधन प्रतिभाओं तक पहुंच प्रदान करती है। हम संयुक्त शोध, नवाचार और छात्रों के लिए नए करियर अवसरों को बढ़ावा देने के लिए उत्साहित हैं।"
एमओयू के तहत ये पहल की जाएंगी
लाइव केस स्टडीज: ऊर्जा क्षेत्र में रणनीति, सततता और डिजिटल परिवर्तन पर केंद्रित।
संयुक्त शोध परियोजनाएं: ऊर्जा प्रबंधन और प्रौद्योगिकी की चुनौतियों का समाधान।
विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम: उद्योग की बदलती जरूरतों के अनुरूप।
नियुक्ति के अवसर: XLRI के बिजनेस मैनेजमेंट और ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट छात्रों के लिए संरचित मार्ग।
CXO वार्ताएं: उद्योग नेताओं के साथ संवादात्मक सत्र।
