द फॉलोअप डेस्क
झारखंड के 12 जिलों में भीषण गर्मी को लेकर मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। जिन जिलों को अलर्ट के दायरे में रखा गया है, उनमें गोड्डा, साहिबगंज, दुमका, देवघर, जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो, रामगढ़, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम शामिल हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 15 मई से झारखंड के पूर्वी और मध्यवर्ती क्षेत्रों में मौसम में बदलाव के आसार हैं। इस दौरान कहीं-कहीं गर्जन, हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। 16 और 17 मई को पश्चिमी जिलों को छोड़कर राज्य के बाकी हिस्सों में भी इसी तरह की मौसम गतिविधि देखने को मिल सकती है। वहीं, 18 और 19 मई को राज्य के विभिन्न हिस्सों में मेघ गर्जन और बारिश की संभावना बनी हुई है।
पिछले 24 घंटे के आंकड़ों के अनुसार, राज्य का सबसे गर्म जिला पलामू रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक था। रांची में अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस रहा। दूसरी ओर, मंगलवार को सबसे अधिक 25 मिमी वर्षा जमशेदपुर में रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि 15 मई की दोपहर से मौसम में बदलाव की शुरुआत होगी, जो 18 मई तक प्रभावी रह सकता है। 15 मई को राज्य के पूर्वी भागों में लू चलने की संभावना है। इसी दिन पूर्वी और मध्य भागों में गर्जन, तेज हवा और वज्रपात की भी चेतावनी दी गई है। हवा की गति 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है, जबकि 16 और 17 मई को यह गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
राजधानी रांची में आज आसमान साफ और मौसम शुष्क रहेगा। अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। 15 से 19 मई के बीच रांची में आंशिक बादल, गरज के साथ वर्षा और तापमान में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी रहेगी।