द फॉलोअप डेस्क
आज योगदा सत्संग सोसाइटी ऑफ इंडिया का 109वां स्थापना दिवस राँची आश्रम के ध्यान मंदिर में श्रद्धा और आध्यात्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। सुबह 7 बजे से शुरू हुए इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और साधक शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत परमहंस योगानन्द द्वारा सिखाए गए एनर्जाइजेशन एक्सरसाइज से हुई, जिसके बाद प्रार्थना, भजन-कीर्तन और ध्यान किया गया। पूरे वातावरण में शांति और भक्ति का भाव देखने को मिला, जिससे उपस्थित लोगों ने आंतरिक सुकून और आध्यात्मिक अनुभव महसूस किया। कार्यक्रम का समापन भजनों, पुष्पांजलि और प्रसाद वितरण के साथ हुआ।
इस अवसर पर छात्रवृत्ति वितरण समारोह भी आयोजित किया गया, जो कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। स्वामी श्रद्धानन्द द्वारा नेशनल इंस्टीट्यूट फॉर एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग टेक्नोलॉजी और बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी मेसरा के चार मेधावी छात्रों को ‘परमहंस योगानन्द छात्रवृत्ति’ से सम्मानित किया गया। इन छात्रों को उनकी पढ़ाई के लिए कुल 5 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। योगदा सत्संग सोसाइटी ऑफ इंडिया की यह पहल शिक्षा और सेवा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। वर्ष 2025 में भी संस्था ने देशभर के छात्रों को लगभग 35 लाख रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की थी। यह आयोजन संस्था की आध्यात्मिक विरासत और समाज सेवा के प्रति उसके समर्पण का प्रतीक बना।
.jpeg)