गिरिडीह
गिरिडीह के जमुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत धर्मपुर पंचायत में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है, वहीं परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं. जानकारी के अनुसार, धर्मपुर पंचायत के प्रकारों निवासी बालेश्वर राणा के पुत्र श्रीकांत कुमार का शव घर से करीब 500 मीटर दूर आम बगान के पास संदिग्ध हालत में मिला. बताया जाता है कि गांव की दो महिलाएं, जो अपने पशु चराने के लिए गई थीं, उन्होंने श्रीकांत को जमीन पर तड़पते हुए देखा. दोनों महिलाएं तुरंत उसके पास पहुंचीं, जहां श्रीकांत दर्द से कराह रहा था.

तड़पते हुए बोला- मुझे जबरन टैबलेट खिलाई गई
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तड़पते हुए श्रीकांत ने बताया कि दो अज्ञात व्यक्तियों ने उसे जबरन टैबलेट खिला दिया है, जिससे उसे बेचैनी हो रही है और उसने अपने घरवालों को बुलाने की बात कही. घटना की सूचना मिलते ही धर्मपुर मुखिया के पुत्र सुशील कुमार हाजरा मौके पर पहुंचे और घायल अवस्था में श्रीकांत को अपनी गाड़ी से जमुआ अस्पताल ले गए. प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे गिरिडीह सदर अस्पताल रेफर कर दिया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है. फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है. वहीं, स्थानीय लोगों और परिजनों ने इस घटना को हत्या बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है.
.jpeg)