logo

झोलाछाप डॉक्टर ने लगाया इंजेक्शन, युवक की हो गई मौत

ेपोन_213.jpg

द फॉलोअप डेस्कः 
पलामू के पाकी थाना क्षेत्र के परसिया गांव में झोलाछाप डॉक्टर की लापरवाही से एक व्यक्ति की जान चली गई है। बताया जा रहा है कि झोलाछाप डॉक्टर ने एक युवक को इंजेक्शन दिया जिसके बाद उसकी मौत हो गई। घटना के बाद नाराज परिजनों ने हंगामा भी किया है। मामले की जानकारी के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की छानबीन कर रही है। आरोपी डॉक्टर फरार हो गया है। 


इंजेक्शन के बाद मौत हुई 
घटना के बारे में बताया जा रहा है कि परासिया का रहने वाला सुमन यादव उर्फ हरि की तबीयत खराब थी। परिजनों ने उसे इलाज के लिए गांव के ही एक झोलाछाप डॉक्टर रामदयाल के पास ले गए थे। रामदयाल ने सुमन यादव को एक इंजेक्शन दिया था। जिसके बाद सुमन की मौत हो गई। सुमन की मौत होने के साथ डॉक्टर फरार हो गया जबकि स्थानीय ग्रामीणों ने पूरे मामले की जानकारी स्थानीय थाना को दी। 


आरोपी फरार है
घटना की जानकारी मिलने के बाद पांकी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची है और मामले की छानबीन कर रही है। पांकी थाना प्रभारी उपेंद्र नारायण सिंह ने बताया कि आरोपी डॉक्टर फरार है। पुलिस मामले में अनुसंधान कर रही है। परिजनों की तरफ से अभी तक कोई लिखित आवेदन नहीं मिला है। सुमन की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।  स्थानीय ग्रामीण और परिजन आरोपी डॉक्टर को खोज रहे हैं।