पाकुड़
हिरणपुर थाना क्षेत्र के बेलपहाड़ी गांव में एक बंद पड़े खदान में नहाने गया 25 वर्षीय युवक राम पहाड़िया रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया है। खदान के किनारे युवक के कपड़े और साबुन मिलने के बाद उसके गहरे पानी में डूबने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर युद्ध स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गई है।.jpg)
दोपहर में नहाने निकला था युवक, शाम तक नहीं लौटा
मिली जानकारी के अनुसार, बेलपहाड़ी गांव के रहने वाले स्वर्गीय सुबोध पहाड़िया का 25 वर्षीय पुत्र राम पहाड़िया मंगलवार दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच घर से खदान में नहाने की बात कहकर निकला था। अमूमन वह नहाकर जल्दी लौट आता था, लेकिन जब देर शाम तक वह घर वापस नहीं आया, तो परिजनों की चिंता बढ़ने लगी। किसी अनहोनी की आशंका में परिवार के लोग उसे ढूंढने के लिए बाहर निकले।
खदान के किनारे मिले कपड़े और साबुन, गहराया शक
काफी देर तक इंतजार के बाद परिजन उसकी तलाश में निकले। खोजबीन के दौरान जब वे खदान के पास पहुंचे तो पानी के किनारे राम पहाड़िया के कपड़े और साबुन पड़े मिले। यह दृश्य देखते ही परिजनों के होश उड़ गए और युवक के खदान के गहरे पानी में डूब जाने की आशंका जताई गई।
मौके पर पहुंचा प्रशासन, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही हिरणपुर थाना प्रभारी विनय कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी दिलीप टुडू और अंचलाधिकारी मनोज कुमार दलबल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की देखरेख में स्थानीय गोताखोरों और रेस्क्यू टीम की मदद से युवक को पानी में तलाशने का काम युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया गया है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।ग्रामीण भी बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुटे हुए हैं और युवक की खोजबीन जारी है।