जमशेदपुर
जमशेदपुर के गोलमुरी चौक के पास मंगलवार की शाम सड़क पर खड़ी कार हटाने की बात कहने पर विवाद हो गया। आरोप है कि SUV कार सवार युवकों ने महिला अधिवक्ता और उनके बच्चों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए धमकी दी। विवाद बढ़ने पर एक युवक ने बेसबैट से उनकी कार का शीशा तोड़ दिया। घटना के दौरान कार में महिला अधिवक्ता के तीन बच्चे भी मौजूद थे, जिससे वे डर गये। मामले में सोनारी थाना क्षेत्र के बिमला अपार्टमेंट निवासी अधिवक्ता विजीता टोपनो ने गोलमुरी थाना में अज्ञात युवकों के खिलाफ लिखित शिकायत दी है।

अधिवक्ता ने युवकों से कार किनारे करने को कहा
शिकायत के अनुसार, 8 सितंबर की शाम करीब 7.30 बजे विजीता टोपनो अपने तीन बच्चों के साथ कार से गोलमुरी जा रही थीं। एचपी पेट्रोल पंप के पास ऊपर जाने वाले रास्ते में काले रंग की SUV-700 (JH05DQ198) खड़ी थी। वाहन में कुछ युवक सवार थे और रास्ता बाधित होने के कारण अधिवक्ता ने युवकों से कार किनारे करने को कहा। आरोप है कि कार हटाने को कहने पर युवकों ने उनके साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। जब उनके बेटे ने इसका विरोध करते हुए गाली देने से मना किया तो युवकों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान विवाद बढ़ गया और एक युवक ने बेसबैट से अधिवक्ता की कार का शीशा तोड़ दिया। इससे कार क्षतिग्रस्त हो गयी।

घटनास्थल के कुछ दूरी पर ट्रैफिक पुलिस के जवान
अधिवक्ता ने शिकायत में कहा है कि घटना के दौरान उनके तीनों बच्चे कार में ही मौजूद थे। युवकों के हंगामे और तोड़फोड़ से बच्चे काफी डर गये। आरोप है कि आसपास लोगों की मौजूदगी के बावजूद युवक काफी देर तक हंगामा करते रहे। घटना के बाद सभी युवक SUV कार लेकर मौके से फरार हो गये। विजीता टोपनो के अनुसार, घटनास्थल के कुछ दूरी पर ट्रैफिक पुलिस के जवान भी मौजूद थे। उन्होंने ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद उन्हें गोलमुरी थाना में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गयी। अधिवक्ता ने थाना प्रभारी से अपनी और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।