logo

Jharkhand : रांची एयरपोर्ट को उड़ाने की धमकी देने वाला युवक बिहार से गिरफ्तार 

RANCHI_AIRPOT2.jpg

नालंदा:
झारखंड पुलिस (Jharkhand Police) के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है। रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट (Birsa Munda Airport) को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। युवक का नाम पप्पू है।  पुलिस ने उसे नालंदा (Nalanda) से गिरफ्तार किया है। पप्पू पर हवाई अड्डा के कई नंबरों पर फोन कर एयरपोर्ट को उड़ाने की धमकी (Threatened to Blow up the Airport) देने का आरोप है। गिरफ्तार शख्स नशे का आदी बताया जा रहा है।

कभी कॉल तो कभी मैसेज से दे रहा था धमकी
बता दें कि रांची एयरपोर्ट के निदेशक को कभी कॉल तो कभी मैसेज से एयरपोर्ट को उड़ाने की धमकी आ रही थी। युवक ने 28 और 29 जुलाई को फोन कर 20 लाख रुपये रंगदारी की मांग की थी। रुपये नहीं देने पर एयरपोर्ट को उड़ाने की धमकी दी गई थी। धमकी में आरोपी ने अपने किसी नजदीकी के इलाज के लिए रुपये की मांग की थी। इसके बाद एक अगस्त को निदेशक के मोबाइल पर वही धमकी टेक्स्ट मैसेज के रुप में आया। इसके बाद उन्होंने स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी।

नालंदा पहुंचकर पुलिस ने किया गिरफ्तार
इस मामले में एयरपोर्ट प्रबंधन की ओर से एयरपोर्ट थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। दर्ज प्राथमिकी के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच की। आरोपी के लोकेशन को पता करने में पुलिस लग गई। दरअसल आरोपी अपना लोकोशन बार-बार बदल रहा था जिससे पुलिस को उसे ट्रेस करने में थोड़ी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा था। पुलिस को फिर लोकेशन बनारस पता चला जब पुलिस वहां पहुंची तो आरोपी वहां से फरार हो गया। आरोपी बनारस से बिहार के नालंदा जा पहुंचा। इसके बाद पुलिस की टीम नालंदा पहुंचकर आरोपी की तलाश में लगी थी। जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।