द फॉलोअप डेस्क
पाकुड़ जिले के आमडापाड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक आरोपी को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मंगलवार को ग्राम बरमसिया स्थित जंगल में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि बरमसिया मोड़ से कोयला रोड की ओर एक संदिग्ध व्यक्ति घूम रहा है और उसके पास हथियार होने की आशंका है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर आमडापाड़ा थाना पुलिस की एक विशेष टीम का गठन किया गया।
विशेष टीम मौके पर पहुंचकर इलाके में घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। इसी दौरान पुलिस की गाड़ी देखते ही एक व्यक्ति भागने लगा, जिसे पुलिस ने पीछा कर ग्राम बरमसिया स्थित जंगल के पास पकड़ लिया। पकड़े गए व्यक्ति से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम तालु मुर्मू उर्फ खलासी, पिता स्वर्गीय मंगल मुर्मू, निवासी ग्राम छोटा लक्ष्मी, थाना मिर्जाचौकी, जिला साहिबगंज बताया।
पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर उसके पास से एक देसी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इस मामले में आमडापाड़ा थाना में कांड संख्या 08/2026, दिनांक 4 मार्च 2026 के तहत धारा 25(1-बी)ए/26 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ ललमटिया थाना, जिला गोड्डा में दो मामले, बोआरीजोर थाना, जिला गोड्डा में एक मामला तथा मिर्जाचौकी थाना, जिला साहिबगंज में तीन मामले पहले से दर्ज हैं।