द फॉलोअप नेशनल डेस्क:
राजस्थान के हनुमानगढ़ में ब्रेकअप से आहत लड़की ने बॉयफ्रेंड के ऑफिस के सामने आत्मदाह का प्रयास किया। ब्लॉक किए जाने से नाराज युवती ने खुद को आग लगा ली। आरंभिक जानकारी के मुताबिक लड़की ने अपने बॉयफ्रेंड को शादी के लिए प्रपोज किया था लेकिन युवक ने इसका प्रपोजल ठुकरा दिया। इसी बात से आहत होकर लड़की ने आत्मघाती कदम उठा लिया। गनीतम थी कि लड़की ने जहां आत्मदाह की कोशिश की वहां नजदीक ही निजी अस्पताल था। वहां मौजूद लोगों ने लड़की को बचाया और हॉस्पिटल मं भर्ती करा दिया।

हनुमानगढ़ टाउन की रहने वाली है युवती
बताया जा रहा है कि लड़की हनुमानगढ़ टाउन की ही रहने वाली है। 20 वर्षीय युवती का वहीं निजी अस्पताल में काम करने वाले युवक के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। हाल ही में लड़की ने बॉयफ्रेंड को शादी के लिए प्रपोज किया था लेकिन युवक ने मना कर दिया। बॉयफ्रेंड ने न केवल प्रपोजल ठुकराया बल्कि उसका नंबर भी ब्लॉक कर दिया। इसी बात से आहत युवती ने आग लगाकर आत्मदाह का प्रयास किया। हालांकि, वक्त रहते लोगों ने आग बुझाई और युवती को हॉस्पिटल में भर्ती करा दिया। वहां इलाजरत युवती फिलहाल खतरे से बाहर है। इधर, आत्मदाह के प्रयास की इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई।

पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी
डॉक्टरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवती का बयान दर्ज कर लिया है। पुलिस अधीक्षक राजीव प्रचार ने जानकारी दी है कि मजिस्ट्रेट के सामने पीड़िता का बयान दर्ज कराया गया है। युवती के बयान के आधार पर ही आगे कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बताया कि युवती, बॉयफ्रेंड की तरफ से उसे ब्लॉक किए जाने से दुखी और परेशान थी। रिश्ता टूटने का गम उससे बर्दाश्त नहीं हुआ और उसने जान देने का प्रयास किया।