चित्रदुर्ग
कर्नाटक के चित्रदुर्ग जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर गुरुवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में 11 लोगों की जान चली गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना हिरियुर तालुक के गोर्लट्टू गांव के पास हुई, जब एक निजी यात्री बस और कंटेनर ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
हादसा इतना भयावह था कि टक्कर के तुरंत बाद बस में आग लग गई और देखते ही देखते पूरी बस जलकर खाक हो गई। अधिकांश मृतकों की मौत बस के भीतर ही झुलसने से हुई। बताया गया है कि बस में कुल 32 यात्री सवार थे और वह बेंगलुरु से गोकारना जा रही थी।
कई यात्रियों ने कूदकर बचाई जान
टक्कर के बाद आग फैलते ही कुछ यात्रियों ने बस से कूदकर अपनी जान बचाई। घायलों को तत्काल हिरियुर, चित्रदुर्ग और शिरा के अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे में ट्रक चालक और उसका सहायक भी मृतकों में शामिल हैं।
हादसे के समय पीछे चल रही एक दूसरी बस, जिसमें 45 स्कूली बच्चे सवार थे, बड़ी दुर्घटना से बच गई। बस चालक ने स्थिति भांपते हुए वाहन को दूसरी लेन में मोड़ दिया, जिससे एक और बड़ा हादसा टल गया।

प्रधानमंत्री ने मुआवजे का ऐलान किया
प्रधानमंत्री ने इस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। वहीं, घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि देने का भी ऐलान किया गया है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री ने इस भीषण हादसे को गंभीरता से लेते हुए पूरी घटना की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि दुर्घटना के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जाएगी और जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
यह हादसा एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्गों पर तेज रफ्तार, लापरवाही और सुरक्षा इंतजामों की कमी को उजागर करता है, जहां एक चूक कई जिंदगियों को लील लेती है।
