logo

पहले मोदी को दिव्य पुरुष बताया, अब योगी से मिले; चर्चा में क्यों हैं कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम

AK06.jpg

द फॉलोअप डेस्क 


कांग्रेस के सीनियर नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम (Acharya Pramod Krishnam) ने कुछ दिनों पहले पीएम नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) को दिव्य पुरुष बताया, अब उत्तर प्रदेश के सीएम आदित्यनाथ योगी (Adityanath Yogi) से मिलकर वो फिर से चर्चा में हैं। इस मुलाकात के बारे में कृष्णम ने एक मीडिया एजेंसी से कहा, "मैंने आज यूपी के सीएम से मुलाकात की और उन्हें श्री कल्कि धाम के शिलान्यास समारोह में आमंत्रित किया। मुझे विश्वास है कि सीएम योगी आदित्यनाथ 19 फरवरी को इस कार्यक्रम में शामिल होंगे'' बीजेपी के दो शीर्ष नेताओं से मिलने के बाद कृष्णम को लेकर अटकलें तेज है कि वे कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में जा सकते हैं। जानकारों का मानना है कि कुछ नीतियों को लेकर कृष्णम की कांग्रेस से दूरियां बढी हैं। 

पीएम मोदी के बारे में क्या कहा कृष्णम ने 

बता दें कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कृष्णम ने 2 फरवरी को पीएम मोदी से मुलाकात की थी। इसके बाद कृष्णम ने ये बयान देकर सनसनी फैला दी कि पीएम नरेंद्र मोदी पर दैवीय शक्ति की कृपा है। कहा है वे चमत्कारिक व्यक्ति के धनी हैं। इसके बाद से ही माना जाने लगा है कि कांग्रस से उनकी दूरियां बढ़ रही हैं। हालांकि कांग्रेस की ओऱ से इस बारे में कोई बयान अब तक जारी नहीं किया गया है। लेकिन सिय़ासी गलियारों में इस बात को लेकर चर्चा है कि आचार्य़ इन दिनों कांग्रेस से नाराज चल रहे हैं। हालांकि कृष्णम ने श्री कल्कि धाम के शिलान्यास समारोह में मोदी को आमंत्रित करने के लिए मुलाकात की थी। 


सोशल मीडिया पर ये लिखा 

गौरतलब है कि श्री काल्कि धाम के शिलान्यास समारोह में पीएम मोदी को आमंत्रित करने के लिए आचार्य प्रमोद कृष्णम ने उनसे मुलाकात की। मिली खबर के मुताबिक पीएम की ओऱ से उनको सकारात्मक उत्तर मिला है। आचार्य प्रमोद कृष्णम ने पीएम से मुलाकात का जिक्र सोशल मीडिया ट्वीटर पर दिया है। इसमें उन्होंने लिखा है कि 19 फ़रवरी को आयोजित श्री कल्कि धाम के शिलान्यास समारोह में भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री को आमंत्रित करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। मेरे इस पवित्र भाव को स्वीकार करने के लिये माननीय प्रधानमंत्री का हार्दिक आभार एवं साधुवाद।