द फॉलोअप डेस्क
कांग्रेस के राज्यसभा सांसद धीरज साहू के झारखंड, लोहरदगा स्थित आवास पर इनकम टैक्स की छापेमारी खत्म हो गयी है। आईटी की टीम छापेमारी पूरी होने के बाद लौट गयी है। टीम अपने साथ कई बैग लेकर निकली है। बताया जा रहा है कि इन बैग में नगद और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज हैं। हालांकि ओड़िशा में आईटी की कार्रवाई में मिले नोटों की गिनती चल रही है। गौरतलब है कि इनकम टैक्स विभाग ने धीरज साहू के ठिकानों से अब तक 300 करोड़ नगद बरामद किये हैं। नोटों की गिनती अबतक जारी है। आंकड़ा और बढ़ने की उम्मीद है। कहा जा रहा है कि आईटी की टीम आज धीरज साहू के लॉकर को खोल सकती है। लॉकर खुलने के बाद पता चलेगा की उनमें कितने पैसे, जेवरात, जरूरी दस्तावेज आदि हैं।

छापेमारी में अब तक में क्या-क्या मिला
झारखंड-ओडिशा-बंगाल में देखा जाए तो ये इनकम टैक्स की यह सबसे बड़ी छापेमारी है। आईटी ने ओडिशा के बौध, बोलांगीर, रायगढ़ा,राउलकेला, भुवनेश्र्वर व संबलपुर, झारखंड के लोहरदगा और कोलकाता के कुल 10 ठिकानों कार्रवाई की है। यहां से आईटी को नोटों की गड्डी से भरी 30 अलमारियां मिली हैं। इतना ही नहीं नोटों से भरे 156 बैग भी मिले। आलम यह था कि पहले दिन नोट गिनते-गिनते मशीन भी थक पर बैठ गई थी। इसके बाद नोट गिननेवाली बड़ी मशीन हैदराबाद और भुवनेश्वर से मंगवाया गया। अबतक की जानकारी के अनुसार 300 करोड़ की गिनती पूरी हो चुकी है।

धीरज साहू से जुड़े की बैंक खाते फ्रीज किये गये
बलदेव साहू की की कंपनी में सांसद धीरज साहू के अलावे उनके परिवार के राजकिशोर साहू, स्वराज साहू और परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल हैं। धीरज साहू के भाई ओडिशा का कारोबार संभालते हैं। इस छापेमारी के बाद आयकर विभाग ने कंपनी के कई खातों को फ्रीज कर दिया है। इन खातों से फिलहाल लेन-देन नहीं हो पाएगा। आयकर विभाग के अनुसार आय का स्त्रोत और इतनी बड़ी संख्या मैं कैश जमा करने से संबंधित जानकारी कंपनी संचालकों से मांगी जाएगी।
