logo

‘रेलवे बना संघ का मंच’ : वंदे भारत ट्रेन में RSS गीत पर केरल के मुख्यमंत्री की कड़ी आपत्ति

vande_bharat_train1.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
वंदे भारत एक्सप्रेस में स्कूली बच्चों से संघ का गीत गवाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। केरल के मुख्यमंत्री पी. विजयन ने इस घटना पर कड़ी आपत्ति जताई है। यह मामला एर्नाकुलम से बेंगलुरु के लिए रवाना हुई वंदे भारत ट्रेन का है, जहां दक्षिण रेलवे के अधिकारियों पर आरोप है कि उन्होंने बच्चों को संघ का गीत गाने के लिए बाध्य किया।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने बयान जारी करते हुए कहा कि यह कृत्य अस्वीकार्य है और दक्षिण रेलवे के इस रवैए की निंदा की जानी चाहिए। टीवी चैनलों पर जारी फुटेज में छात्र ट्रेन के अंदर संघ का गान गाते नजर आ रहे हैं।
विजयन ने कहा — “सरकारी कार्यक्रम में आरएसएस का गीत गाना संवैधानिक सिद्धांतों का उल्लंघन है। यह धार्मिक उन्माद फैलाने की कोशिश है। देश के सबसे बड़े सार्वजनिक उपक्रम, रेलवे का इस्तेमाल किसी राजनीतिक प्रचार के लिए नहीं किया जा सकता।”


मुख्यमंत्री ने इसे ‘हास्यास्पद’ और ‘खतरनाक मिसाल’ बताया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर इस गीत को ‘देशभक्ति गीत’ बताकर अपलोड करना भारतीय राष्ट्रीय आंदोलन का अपमान है। विजयन ने आरोप लगाया कि “रेलवे आज संघ के साम्प्रदायिक एजेंडे को बढ़ावा दे रहा है — वही संगठन जिसने आजादी की लड़ाई में राष्ट्र के नायकों को धोखा दिया था।”
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वाराणसी से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए एर्नाकुलम-बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई। यह ट्रेन सुबह 8:41 पर एर्नाकुलम जंक्शन से रवाना हुई। ट्रेन को विशेष रूप से फूलों से सजाया गया था और उसमें केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी, विभिन्न विभागों के अधिकारी और प्रतियोगिता में चयनित स्कूली बच्चे सवार थे।

Tags - Nationa। News Nationa। News Update Nationa। News।ive