द फॉलोअप डेस्क
छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। बीजापुर जिले में 103 नक्सलियों ने हिंसा का रास्ता छोड़कर आत्मसमर्पण किया है। पुलिस के मुताबिक, आत्मसमर्पण करने वालों में 49 इनामी नक्सली शामिल हैं, जिन पर कुल 1.06 करोड़ रुपये का इनाम घोषित था।
बता दें कि इससे पहले, कांकेर जिले में सुरक्षा बलों के साथ हुई एक मुठभेड़ में 14 लाख रुपये के इनामी तीन नक्सली मारे गए। यह मुठभेड़ कांकेर और गरियाबंद जिलों की सीमा पर छिंदखड़क गांव के पास एक पर्वतीय वन क्षेत्र में हुई। कांकेर के पुलिस अधीक्षक (SP) इंदिरा कल्याण एलेसेला ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान सुरक्षा बलों की एक संयुक्त टीम में कांकेर और गरियाबंद जिले की पुलिस, जिला रिजर्व गार्ड (DRG) और सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवान शामिल थे।
मुठभेड़ स्थल से एक महिला नक्सली समेत तीन नक्सलियों के शव बरामद किए गए। इसके अतिरिक्त, सुरक्षा बलों ने एक सेल्फ-लोडिंग राइफल (SLR), एक .303 राइफल, 12 बोर की एक बंदूक और अन्य नक्सली सामग्री भी बरामद की। मारे गए नक्सलियों की पहचान सरवन मड़कम उर्फ विश्वनाथ, राजेश उर्फ राकेश हेमला और बसंती कुंकजाम उर्फ हिड़मे के रूप में हुई। इन तीनों पर कुल 14 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
