नोएडा:
उत्तर प्रदेश के नोएडा (Noida) में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। यहां सेक्टर-21 में जलवायु विहार (Sector 21 Jal Vayu Vihar) में एक दीवार गिरने से 4 मजदूरों की मौत हो गई। वहीं कई मलबे में दबे होने की आशंका है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया है। मलबे को हटाने के लिए 5 जेसीबी जुटी हैं। स्थानीय लोग भी प्रशासन के साथ रेस्क्यू में शामिल हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल है। हादसे पर डीएम सुहास एलवाई (DM Suhas LY) का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच कराई जाएगी।

भरभराकर मजदूरों के ऊपर गिरी दीवार
हादसा मंगलवार सुबह करीब 10 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि यहां मजदूरों की एक टीम नाली साफ करने का काम कर रही थी। इस दौरान ही अचनाक दीवार भरभराकर मजदूरों के ऊपर गिर गई। मौके पर मौजूद लोगों ने फौरन पुलिस को सूचना दी और कुछ ही देर में पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। हादसे के बाद स्थानीय लोग भी प्रशासन के साथ रेस्क्यू में शामिल हो गए। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल है।

दीवार काफी पुरानी थी
जानकारी के मुताबिक सोसायटी की दीवार काफी पुरानी थी। औजार लगने के बाद दीवार मजदूरों के ऊपर ही गिर गई। फिलहाल जेसीबी से मलबा हटाया जा रहा है। हादसे पर डीएम सुहास एलवाई का कहना है कि नाली का रिपेयर कार्य किया जा रहा था। नोएडा अथॉरिटी ने इसका ठेका दिया था। मजदूर काम कर रहे थे। जब दीवार से ईंट निकाली जा रही थी तब ये हादसा हुआ। मामले की विस्तृत जांच कराई जाएगी।