कन्नौज:
देश में बढ़ती महंगाई से हर कोई परेशान है। सब इस महंगाई की मार से त्रस्त है। ऐसे में UP के कन्नौज में रहने वाली एक 5 साल की बच्ची ने प्रधानमंत्री (Prime Minister) को पत्र लिखा है। इस बच्ची का नाम कृति है। कृति ने पत्र में महंगाई को लेकर शिकायत की है। बच्ची ने लिखा, महंगाई इतनी बढ़ गई है कि मेरी पेंसिल और रबर भी महंगी कर दिये गए हैं और मैगी के दाम भी बढ़ा दिए हैं। अब मेरी मां पेंसिल मांगने पर मारती है, मैं क्या करूं? बच्चे मेरी पेंसिल चोरी कर लेते हैं।

बच्ची ने चिट्ठी अपने कॉपी कर लिखा
यह बच्ची कक्षा 1 में पढ़ती है। बच्ची ने चिठ्ठी अपने कॉपी कर लिखी है। पिता ने PM को चिट्ठी भेज भी दी है। अभी कोई जवाब नहीं आया है। बच्ची ने लिखा है, “मेरा नाम कृति दुबे है। मैं कक्षा 1 में पढ़ती हूं। मोदीजी, आपने बहुत अधिक महंगाई कर दी है, यहां तक कि मेरी पेंसिल और रबर (इरेजर) भी महंगी कर दी और मैगी के दाम भी बढ़ा दिए हैं। अब मेरी मां पेंसिल मांगने पर मारती है, मैं क्या करूं? बच्चे मेरी पेंसिल चोरी कर लेते हैं।''

मोदी के नाम से पिता ने पोस्ट की चिट्ठी
कृति UP के कन्नौज के आवास-विकास कालोनी की रहने वाली है। वह सुप्रभाष अकादमी में कक्षा 1 में पढ़ती है। बच्ची के पिता पेशे से वकील है और मां गृहिणी है। कृति के पिता ने कहा कि यह चिठ्ठी मेरी बच्ची की मन की बात है। बेटी के लिखे हुए पत्र को जब पढ़ा तो उसके जज्बातों को प्रधानमंत्री तक पहुंचाने का निर्णय कर लिया।'' कृति के पिता विशाल दुबे डाक घर पहुंच कर बेटी की चिट्ठी मोदी के नाम से पोस्ट कर आए हैं।

मैगी मांगने पर मां ने कहा सरकार ने सब महंगा कर दिया है
पांच साल की कृति के पिता का कहना है कि वह खाना खाने से हमेशा मना करती है और मैगी खाने की इच्छा जताती है। ऐसे में उसकी मां ने मैगी देने से मना कर दिया। मां ने कहा कि सरकार ने सब महंगा कर दिया, अब सिर्फ खाना खाया करो। इसके अलावा रोज पेंसिल-रबर स्कूल में खो देने से मां ने महंगाई का हवाला देते हुए उसे डांट दिया। बस इसी बात को लेकर कृति ने अपनी कॉपी में मोदी के नाम एक पत्र लिख दिया।