मोहाली:
पंजाब (Punjab) के मोहाली (Mohali) में एक झूला टूटने का वीडियो खूब वायरल हो रहा है। महज 3 सेकेंड में 50 फुट ऊंचा झूला नीचे गिर गया। ड्रॉप टावर झूले के हाइड्रोलिक का तार टूटने (hydraulic coil break) से झूला नीचे गिर गया। झूले पर 30 लोग सवार थे। सभी लोगों को चोट आई है लेकिन 13 लोग गंभीर रूप से घायल हुए है। हादसे के बाद लोगों को तुरंत चंडीगढ़ और मोहाली के सरकारी और निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने मोहाली ने इस हादसे की ज्यूडिशियल इन्क्वायरी की मांग की है।
प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठने लगे सवाल
मोहाली के ग्राउंड में लंदन ब्रिज के नाम से ट्रेड फेयर लगा हुआ है। यह मेला 11 सितंबर तक चलना था। इस दौरान रविवार रात को जब झूला करीब 50 फुट की ऊंचाई पर था तो अचानक उसकी केबल टूट गई। इस हादसे के बाद मेले में भगदड़ मच गई। इस हादसे ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवालिया निशान लगा दिया है। प्रशासनिक अधिकारियों ने मेले के आयोजन की मंजूरी देने के बाद यह देखना तक मुनासिब नहीं समझा कि सुरक्षा से संबंधित इंतजाम पूरे हैं या नहीं।

कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने की ज्यूडिशियल इन्क्वायरी की मांग
कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने मोहाली ने इस हादसे की ज्यूडिशियल इन्क्वायरी की मांग की है। उन्होंने मोहाली के डीसी अमित तलवार को कहा कि पूरे मामले में जिम्मेदारी फिक्स कर दोषियों को सख्त सजा दी जानी चाहिए। मामले की शुरूआत जांच में सामने आया कि जो झूला टूटा, वह जयपुर की कंपनी का था। जिसका मालिक मुकेश शर्मा बताया जा रहा है। पुलिस ने कंपनी से झूले से जुड़ा सारा रिकॉर्ड मंगवाया है।