logo

आंध्र प्रदेश : टाटा-एर्नाकुलम एक्सप्रेस की दो बोगियों में लगी भीषण आग, एक की जलकर मौत

ट्रेन_,,.jpg

द फॉलोअप डेस्क
आंध्र प्रदेश के यलमंचिली में रविवार देर रात एक ट्रेन बड़े हादसे का शिकार हो गई. टाटा-एर्नाकुलम एक्सप्रेस (18189) ट्रेन के दो कोच (B1 और M2) में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे विशाखापत्तनम निवासी 70 वर्षीय चंद्रशेखर सुंदर की जलकर मौत हो गई। आग लगते ही यात्रियों में हड़कंप मच गया और लोग जान बचाने के लिए नीचे कूदने लगे। सूचना मिलते ही लोको पायलट ने ट्रेन रोकी और इसकी जानकारी रेलवे प्रशासन को दी, जिसके बाद राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।
हादसा विशाखापत्तनम के पास हुआ जब ट्रेन पैंट्री कार के पास वाले डिब्बों में लगी आग की चपेट में आ गई। दोनों कोच में कुल 158 यात्री सवार थे, जिनमें से अधिकांश को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन उनका सारा सामान जलकर खाक हो गया। आग इतनी भीषण थी कि उसे बुझाने में करीब दो घंटे का समय लगा। हादसे के बाद ट्रेन के क्षतिग्रस्त डिब्बों को अलग कर उसे करीब चार घंटे की देरी से आगे रवाना किया गया।
अनकापल्ली एसपी और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल सका है. हालांकि इसके कारणों का पता लगाने के लिए दो फोरेंसिक टीमें जांच में जुटी हैं। हादसे से प्रभावित 157 यात्रियों को बसों के जरिए समरलाकोटा स्टेशन भेजा गया, जहाँ से उन्हें दूसरी ट्रेन से गंतव्य के लिए रवाना किया गया। फिलहाल प्रशासन हताहतों और नुकसान की विस्तृत जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
 

Tags - national news national khabar national update national trending news andhra pradesh news andhra pradesh khabar train accident news