logo

अर्थव्यवस्था का 'रायता' बनाने के बाद वित्त मंत्री 'हलवा' बना रहीं- कांग्रेस का बीजेपी पर हमला 

khera.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता पवन खेड़ा (Pawan Kheda) ने आज बीजेपी मंत्री पर हमला करते हुए कहा कि देश की अर्थव्यवस्था का ‘रायता’ बनाने के बाद अब वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ‘हलवा’ बना रही हैं। खेड़ा ने आगे कहा कि देश की अर्थव्यवस्था की स्थिति बेहद खराब है। पिछला 10 साल 'अन्याय काल' रहा है, जिसके खिलाफ राहुल गांधी 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' निकाल रहे हैं। इसे भी तरह-तरह से बाधित करने का काम किया जा रहा है। लेकिन इससे न्याय यात्रा की लोकप्रियता में इजाफा ही हो रहा है। कहा कि इस अन्याय काल का आखिरी बजट आने वाला है।


फौजियों को सिर्फ 4 साल की नौकरी पर सवाल 
मोदी सरकार के बारे में आगे कहा कि उनकी केंद्र सरकार हर चीज को इवेंट बनाकर इसकी जमीनी असलियत को ढंक देती है। आने वाला बजट भी कुछ इसी तरह का होगा। कहा कि मोदी सरकार सीमा पर जाने वाले फौजियों को सिर्फ 4 साल की नौकरी दे रही है। यह अन्याय काल की स्थिति है। आरोप लगाया कि BJP सरकार बड़े गर्व से कहती है कि हम 80 करोड़ लोगों को राशन दे रहे हैं। यह किसी भी सरकार के लिए बेहद शर्म की बात है कि 80 करोड़ लोग फ्री के राशन पर निर्भर हैं। यह सरकार का रिपोर्ट कार्ड दिखाता है।


राहुल की न्याय यात्रा पर ये बोले 
राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर उन्होंने कहा कि जिस देश में एक घंटे में दो नौजवान और एक किसान आत्महत्या करने पर मजबूर हो जाता हो; जिस देश की 80 करोड़ जनता मुफ़्त राशन पर निर्भर हो, वह देश ‘अन्याय काल’ से गुज़र रहा है। इस देश को न्याय चाहिए। कहा इसी न्याय के लिए राहुल गांधी भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर निकले हैं। देश को आज कांग्रेस की सरकार औऱ इस तरह की न्याय यात्राओं की जरूरत है। बता दें कि खेड़ा आज बेंगलुरु में सेंट जोसेफ यूनिवर्सिटी के मीडिया सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।