logo

बंगाल में 'जनादेश की लूट' के बाद अराजकता का तांडव, रोहिणी आचार्य ने BJP पर साधा निशाना

rohini11.jpg

द फॉलोअप डेस्क
राजद नेता लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्या ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट  करते हुए भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। रोहिणी ने पश्चिम बंगाल के वर्तमान हालातों को लेकर केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि भाजपा, बंगाल को मणिपुर जैसी हिंसा की आग में झोंकने की कोशिश कर रही है। 

रोहिणी का आरोप TMC कार्यालयों पर हमले 
रोहिणी ने आगे लिखा कि धांधली से जीत हासिल करने के बाद भाजपाई गुंडे और उपद्रवी पूरे प्रदेश में आतंक मचा रहे हैं, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। उन्होंने ये दावा किया कि बंगाल के बाहर से हजारों उपद्रवी बुलाए गए हैं, जो भाजपा नेताओं के इशारे पर तोड़फोड़ और आगजनी कर रहे हैं। उन्होंने पोस्ट में जिक्र किया कि कोलकाता के न्यू मार्केट में  TMC दफ्तर पर बुलडोजर चलाया गया। वहीं दक्षिण 24 परगना में अभिषेक बनर्जी और  टॉलीगंज में अरूप विश्वास के कार्यालयों को निशाना बनाया गया। उन्होंने आगे लिखा कि ममता बनर्जी की तस्वीरों को जलाया जा रहा है और TMC कार्यकर्ताओं को चिन्हित कर उनके साथ मारपीट की जा रही है। इस दौरान उन्होंने वीरभूम में TMC नेता अबीर शेख की हत्या का उल्लेख करते हुए उन्होंने इसे सुनियोजित हिंसा करार दिया। 

 

 

सांप्रदायिक तनाव और आम जनता का पलायन
रोहिणी ने अपने पोस्ट में ये दावा किया कि मुस्लिम बहुल इलाकों में भड़काऊ नारेबाजी की जा रही है और दंगा भड़काने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय बलों की मौजूदगी के बावजूद उपद्रवियों को खुली छूट दी गई है और पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है। डर के कारण बाजारों में सन्नाटा है, व्यापारी दुकानें खाली कर रहे हैं और लूटपाट की घटनाओं से आवश्यक सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। हालात इतने भयावह हो गए हैं कि हिंसा की आशंका में बिहार और यूपी के श्रमिकों ने बंगाल से पलायन करना शुरू कर दिया है।

रोहिणी ने जाहिर की चिंता
अंत में रोहिणी ने लिखा कि अपनी साझी संस्कृति और सहिष्णुता के लिए पहचाना जाने वाला बंगाल आज भाजपा प्रायोजित हिंसा की वजह से कराह रहा है। रोहिणी ने इसे सोची-समझी साजिस बताया और कहा कि भाजपा पूरे प्रदेश में अराजकता का माहौल पैदा करना चाहती है। रोहिणी ने चिंता जाहिर करते हुए कहा कि यदि इस 'तांडव' को नहीं रोका गया, तो बंगाल की स्थिति और भी गंभीर हो सकती है।

Tags - Rohini Acharya statement West Bengal violence claims BJP vs TMC controversy Kolkata New Market incident