द फॉलोअप/ रांची:
Ranchi News: झारखंड विधानसभा के 25 और 26 नवंबर को होने वाले विशेष सत्र को लेकर राज्य सरकार ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। विशेष सत्र में उठाए जाने वाले मुद्दों और सदन में सरकार की रणनीति पर चर्चा करने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज सोमवार को सत्ता पक्ष के मंत्रियों और विधायकों के साथ ऑनलाइन बैठक करेंगे। बैठक में विशेष सत्र के दौरान सरकार की भूमिका, विभिन्न मुद्दों पर अपना पक्ष रखने और सदन में विधायकों की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने पर विचार-विमर्श होगा।
एमएमडीआर संशोधन और एसआईआर पर होगी विशेष चर्चा
विधानसभा के विशेष सत्र में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम (एमएमडीआर) और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के मुद्दे पर विशेष चर्चा प्रस्तावित है। दोनों विषयों को लेकर राज्य सरकार सदन में अपना पक्ष रखेगी। सरकार इन मुद्दों पर चर्चा के माध्यम से राज्य के हितों और अपनी चिंताओं को सामने रखने की तैयारी में है।
सदन में सरकार का पक्ष प्रभावी ढंग से रखने पर मंथन
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में होने वाली ऑनलाइन बैठक में विशेष सत्र के दौरान सत्ता पक्ष की भूमिका पर भी चर्चा होगी। मंत्रियों और विधायकों के बीच मुद्दों को लेकर समन्वय, सदन में सरकार के पक्ष को प्रभावी तरीके से रखने और चर्चा के दौरान विधायकों की भागीदारी सुनिश्चित करने जैसे विषयों पर मंथन किया जाएगा। बैठक का उद्देश्य विशेष सत्र से पहले सत्ता पक्ष की तैयारियों को अंतिम रूप देना है, ताकि दोनों महत्वपूर्ण मुद्दों पर सदन में सरकार अपना पक्ष मजबूती से रख सके।