logo

आजसू पार्टी ही निर्मल महतो के विचारों और सपनों का एकमात्र संगठन है: सुदेश महतो 

NIRMAL.jpeg

रांची 

शहीद निर्मल महतो जयंती पर सुदेश महतो ने कहा कि आजसू पार्टी ही निर्मल महतो के विचारों और सपनों का एकमात्र संगठन है। उनके आंदोलन में दिए गए योगदान को कभी भी भुलाया नहीं जा सकता है। राज्य के प्रति उनकी परिकल्पना को यथार्थ में बदलने तक हम संघर्ष करते रहेंगे। झारखंड अलग राज्य के निर्माण के लिए अपने बहुमूल्य जीवन का बलिदान देने वाले शहीद निर्मल दा के सपनों का झारखंड बनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उनकी शहादत ने इस आंदोलन को बल दिया है। कहा कि झारखंड निर्माण में निर्मल महतो के नेतृत्व और योगदान के लिए सभी झारखंडवासी हमेशा उनके ऋणी रहेंगे। झारखंड के भविष्य की कल्पना उनकी सोच में छिपी हुई है। कार्यक्रम का आयोजन रांची के जेल चौक पर किया गया। मौके पर निर्मल महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गयी।  


वाजपेयी और मालवीय को दी श्रद्धांजलि 

मौके पर सुदेश ने देश के पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर उन्हें नमन किया। कहा कि अटल जी ने भारतीय राजनीति को एक नई ऊंचाई और एक नया मुकाम दिया। झारखंड उदय में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने देश में एक श्रेष्ठ राजनेता के तौर पर खुद को स्थापित किया था। इस दौरान सुदेश महतो ने महामना मदन मोहन मालवीय की जयंती पर उन्हें याद करते हुए कहा कि मदन मोहन मालवीय के शिक्षा एवं समाज के हित में किए गए कार्यों को हमेशा स्मरण में रखा जाएगा। 

राज्यभर में मनाई गयी शहीद निर्मल महतो की जयंती
आजसू के संस्थापक सह झारखंड आंदोलनकारी शहीद निर्मल महतो की जयंती पर आजसू पार्टी द्वारा राज्य के सभी गांवों, पंचायतों, प्रखंडों, विधानसभा क्षेत्रों और जिलों में सभाओं का आयोजन किया गया। इस दौरान निर्मल महतो की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उनकी सोच को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। शहीद निर्मल महतो की जयंती के अवसर पर आज जुगसलाई, बोड़ाम के मुकरुडीह-हलुदबनी मोड़ पर उनकी प्रतिमा का अनावरण किया गया। प्रतिमा का अनावरण आजसू पार्टी के प्रधान महासचिव सह पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस ने किया।