logo

Bengal Election Result 2026 : पश्चिम वर्धमान, आसनसोल और जामुड़िया में हिंसा; तोड़फोड़ और आगजनी से हड़कंप

a6113.jpg

द फॉलोअप डेस्क:

बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे आ रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश में बड़ी जीत की ओर है। सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। इस बीच पश्चिम वर्धमान से काउंटिंग के बीच हिंसा की खबरें आ रही हैं। जिले के बाराबनी विधानसभा सीट पर जैसे ही टीएमसी उम्मीदवार विधान उपाध्याय और बीजेपी के अरिजीत रॉय के बीच मतों का अंतर बढ़ा, कई हिस्सों से हिंसा की खबरें आने लगीं। कई तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें हिंसक झड़प और तोड़फोड़ के अलावा सड़क पर आगजनी को साफ देखा जा सकता है। चुनाव में जीत-हार को प्रतिष्ठा का जंग बना लिया गया है। 

बाराबनी ब्लॉक के गौरांडी पानुरिया इलाके में सर्वाधिक हिंसा हुई है। यहां उपद्रवियों ने टीएमसी कार्यालय को फूंक दिया गया। कार्यकर्ताओं ने बीजेपी को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया है। केंद्रीय सुरक्षा बल के जवानों ने हालांकि घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को काबू में किया। 

आसनसोल में काउंटिंग के बीच हंगामा
हिंसा की खबरें आसनसोल से भी आई है। इंजीनियरिंग कॉलेज में काउंटिंग के बीच गोविंदपुर मोड़ स्थित टीएमसी कैंप ऑफिस पर हमला हुआ है। स्थानीय टीएमसी पार्षद श्रावणी मंडल ने आरोप लगाया कि कार्यकर्ता शांतिपूर्ण तरीके से टीवी पर न्यूज देख रहे थे कि तभी भीड़ ने हमला बोल दिया। उपद्रवियों ने टेंट के भीतर रखी कुर्सियां और मेज तोड़ दीं। कैंप ऑफिस के बाहर खड़ी मोटरसाइकिलों को भी निशाना बनाया। झड़प में कुछ कार्यकर्ताओं के भी घायल होने की सूचना है।

 

जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र में भी हुई हिंसा
जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के चुरुलिया और खासकेंदा इलाके में भी आगजनी की खबरें हैं। टीएमसी का आरोप है कि उनकी पार्टी के कार्यालयों में तोड़फोड़ की गई है। इन आरोपों पर बंगाल बीजेपी की आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन झारखंड में पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने तृणमूल कांग्रेस के आरोपों को बेबुनियाद बताया है। अर्धसैनिक बल के जवानों को मौके पर तैनात किया गया है। इस बीच आसनसोल दक्षिण से चुनाव जीत चुकीं अग्निमित्रा पाल ने कहा कि बीजेपी कार्यकर्ताओं को संयम बरतना चाहिए। हमारा चरित्र वैसा नहीं है। हम गुंडाराज से मुक्ति दिलाने सत्ता में आए हैं। 
 

Tags - Bengal Election Result 2026Bengal Assembly ElectionBengal ViolenceTMCBJP