logo

सियासत : गुजरात में बनेगी AAP की सरकार! BJP के 27 साल के शासनकाल से तंग आ गई है जनता- केजरीवाल 

A62.jpg

डेस्क: 

पंजाब विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत से उत्साहित आम आदमी पार्टी की निगाहें अब गुजरात पर भी है। इस साल के अंत तक गुजरात में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है। ऐसे में, आम आदमी पार्टी ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। रविवार को मीडिया से मुखातिब आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि गुजरात में हमारा विस्तार हो रहा है। हमारी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी का विकल्प बनेगी। उन्होंने दावा किया, गुजरात में बड़ा बदलाव होगा। 

गुजरात में आप का विस्तार हो रहा है! 
रविवार को अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी गुजरात में बड़े पैमाने पर विस्तार कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता बीजेपी के 27 साल के शासन से थक चुकी है। बीजेपी को लगता है कि कांग्रेस उनकी जगह नहीं ले सकती और इस वजह से उसमें अहंकार आ गया है। उन्होंने कहा कि लोग इस बार आप की तरफ उम्मीद की नजर से देख रहे हैं। 

पंजाब में आप ने बनाई है सरकार
गौरतलब है कि हालिया गुजरात निकाय चुनावों में आम आदमी पार्टी ने उल्लेखनीय जीत हासिल की थी। कई स्थानों पर बीजेपी और कांग्रेस से भी ज्यादा सीटें जीतीं। पंजाब में तो आम आदमी पार्टी ने भगवंत मान की अगुवाई में सरकार बना ली। दिल्ली में आप की सरकार पहले से ही है। ऐसे में आम आदमी पार्टी दूसरे राज्यों में भी तेजी से विस्तार करने की ओर देख रही है। 

महाराष्ट्र और उदयपुर घटना की निंदा
इधऱ, राजस्थान के उदयपुर और महाराष्ट्र के अमरावती में 2 लोगों की हत्या को लेकर अरविंद केजरीवाल ने कहा कि जो हो रहा है वो गलत है। देश इस तरह से आगे नहीं बढ़ सकता। शांति और एकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उदयपुर और अमरावती में जो भी हुआ, मैं उसकी कड़ी निंदा करता हूं और आशा करता हूं को दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी।