द फॉलोअप डेस्कः
समंदर पर बने भारत के सबसे लंबे पुल का पीएम नरेंद्र मोदी उद्घाटन करेंगे। आवागमन की सुगमता को बढ़ावा देने के के लिए पीएम मोदी मुंबई ट्रांस-हार्बर लिंक (एमटीएचएल) का उद्घाटन करेंगे, जिसे अब ‘अटल बिहारी वाजपेयी सेवरी-न्हावा शेवा अटल सेतु’ नाम दिया गया है। इस समुद्री पुल का निर्माण 17,840 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से किया गया है। पीएम आज महाराष्ट्र के नासिक में 27वें राष्ट्रीय युवा महोत्सव का उद्घाटन करेंगे और फिर प्रदेश में 30,500 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे।

भारत का सबसे लंबा समुद्री पुल है
पीएम मोदी ने दिसंबर, 2016 में इस पुल की आधारशिला रखी थी। यह भारत का सबसे लंबा पुल और भारत का सबसे लंबा समुद्री पुल भी है। यह पुल लगभग 21.8 किमी लंबा छह लेन वाला पुल है, जिसकी लंबाई समुद्र के ऊपर लगभग 16.5 किमी और जमीन पर लगभग 5.5 किमी है। यह मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को सीधा संपर्क प्रदान करेगा और मुंबई से पुणे, गोवा और दक्षिण भारत की यात्रा के समय को भी कम करेगा।

बंदरगाहों के बीच संपर्क में सुधार
आधिकारिक बयान में कहा गया है कि इससे मुंबई बंदरगाह और जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह के बीच संपर्क में भी सुधार होगा। प्रधानमंत्री मोदी ‘ईस्टर्न फ्रीवेज ऑरेंज गेट’ को मरीन ड्राइव से जोड़ने वाली सड़क सुरंग की आधारशिला भी रखेंगे। 9.2 किलोमीटर लंबी सुरंग 8,700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनाई जाएगी और यह मुंबई में एक महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा विकास होगा।

अटल सेतु से जुड़ी खास बातें
एक अधिकारी के मुताबिक, इस मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक पर कार, टैक्सी, हल्के मोटर वाहन, मिनीबस और टू- एक्सल बसों जैसे वाहनों की गति सीमा 100 किलोमीटर प्रति घंटा होगी। उन्होंने कहा कि पुल की चढ़ाई और उतरने के वक्त गाड़ियों की गति सीमा 40 किमी प्रति घंटे तक सीमित रहेगी। मुंबई ट्रांस हार्बर लिंक मुंबई की शिवड़ी से शुरू होता है और रायगढ़ जिले के उरण तालुका (तहसील) के न्हावा शेवा में समाप्त होता है। इस पुल पर मोटर साइकिल, ऑटोरिक्शा और ट्रैक्टरों की आवाजाही पर पांबदी रहेगी। यानी मोटरसाइकिल, मोपेड, तिपहिया वाहन, ऑटो, ट्रैक्टर, जानवरों द्वारा खींचे जाने वाले वाहन और धीमी गति से चलने वाले वाहनों को इस पुल से गुजरने की अनुमति नहीं होगी। अटल सेतु ब्रिज से मुंबई से नवी मुंबई का सफर पूरा करने वाले कार चालकों को 250 रुपये टोल पर खर्च करने होंगे। कैबिनेट की बैठक में एमटीएचएल की टोल की दरों को महाराष्ट्र सरकार की मंजूरी मिल गई है।