logo

हेमंत और केजरीवाल की तस्वीर पर बाबूलाल की तल्ख टिप्पणी, कहा- "केजरीवाल पूछ रहे होंगे कुछ दिनों बाद आप होटवार और हम तिहाड़ में तो नहीं होंगे"

kejriwal_hemant.jpg

द फॉलोअप डेस्क

 झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहते हैं। जब वह प्रदेश अध्यक्ष नहीं थे उस वक्त भी वह राज्य के हेमंत सरकार और केंद्र के विपक्ष पर ट्विटर के जरिए लगातार हमलावर रहते थे। लेकिन, जब से वह प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए हैं तब से तो उनके तेवर ही कुछ अलग देखने को मिल रहे हैं। मंगलवार को विपक्षी दलों की हुई बैठक के बाद से बाबूलाल मरांडी झामुमो और महागठबंधन पर लगातार हमलावर हैं। राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल बेंगलुरु में एक साथ दिखे तो उन्होंने तंज करने का कोई मौका नहीं छोड़ा। उन्होंने ट्विटर पर तस्वीरें शेयर कर के लिखा 'केजरीवाल हेमंत सोरेन से पूछ रहे होंगे कुछ दिनों बाद आप होटवार और हम तिहाड़ में तो नहीं होंगे" इसके साथ ही उन्होंने  लिखा 'शराब घोटाले में दोनों मुख्यमंत्रियों की गर्दन फंसी है। आपसी बातचीत इसी मुद्दे पर हो रही होगी। इसमें छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के मुख्यमंत्री को भी होना चाहिए था, क्योंकि इन चारों राज्यों की एक्साइज पॉलिसी के तार आपस में जुड़े हैं। जहां शराब माफियाओं और कंपनियों को फायदा पहुंचाया गया। फर्जी होलोग्राम बनाकर शराब बेची गई और राजस्व का अरबों रुपया इन दलों ने अपनी जेब में रखा। 

अरविंद केजरीवाल से ऊब चुकी है दिल्ली की जनता

बता दें कि विपक्षी दलों की बेंगलुरु में बैठक के बाद उन्होंने अपने गठबंधन का नाम इंडिया रखा है। हालांकि इस बैठक पर पीएम मोदी और बीजेपी के अन्य नेता लगातार हमलावर हैं। उधर अरविंद केजरीवाल ने इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर हमला बोला था। उन्होंने कहा था कि पीएम मोदी के दस साल के कार्यकाल में हर क्षेत्र में अराजकता फैल गई है। उनसे छुटकारा पाने का वक्त आ गया है। इसके बाद  बाबूलाल मरांडी ने भी टिप्पणी की। उन्होंने लिखा 'अरविंद केजरीवाल जी की निकृष्टतम राजनीतिक चालबाजी से दिल्ली की जनता ऊब चुकी है। बाढ़ से बेहाल दिल्ली की दुर्दशा देखकर पूरी दुनिया हैरान है। कर्जा लेकर घी पीने की कला में माहिर केजरीवाल के खोखले वादों की पोल खुल गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी युग पुरूष हैं। राष्ट्रसेवक हैं, विकास पुरूष हैं, उन्होंने अपनी जिजीविषा, मजबूत इच्छाशक्ति और दृढ़निश्चयी संकल्प से देश में हर वर्ग के लिए और हर क्षेत्र में बड़े आर्थिक सुधार किए। देशवासियों को नई उम्मीद दी- विश्वास दिया और उम्मीद पर खरे उतरे। एक महाभ्रष्ट मुख्यमंत्री की मोदी जी के सामने क्या हैसियत है?

हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N