द फॉलोअप डेस्क :
उत्तर प्रदेश के बदायूं में डबल मर्डर केस मे 2 मासूम बच्चों की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के मुताबिक, उनके पैरों पर लगे घावों से पता चला है कि उन पर चाकू से कई बार वार किया गया था। 11 साल के आयुष को 14 बार और उसके छोटे भाई 6 साल के अहान को 9 बार चाकू मारा गया। यानी कुल 23 बार बच्चों के शरीर पर धारदार हथियार से हमला किया गया। मंगलवार की देर शाम सिविल लाइंस थाना इलाके में साजिद नाम के शख्स ने 2 बच्चों आयुष और अहान की हत्या धारदार हथियार से कर दी। दोनों बच्चे उसकी दुकान के सामने रहने वाले विनोद सिंह के थे।

छत पर खेल रहे बच्चों की बेरहमी से हत्या की
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दोनों बच्चे उस वक्त छत पर खेल रहे थे। उनकी उम्र 12 और 6 साल थी। घटना से कुछ देर पहले साजिद ने बच्चों की मां से 5,000 रूपये मांगे थे। साथ ही कहा कि वो छत पर जाना चाहता है क्योंकि उसे सांस लेने में तकलीफ हो रही है। छत पर उसकी नजर दोनों बच्चों पर पड़ी औऱ उसने उनकी हत्या कर दी। पुलिस की इस थ्योरी पर लोग यकीन नहीं कर पा रहे हैं।

साजिद के भाई जावेद ने खुद को निर्दोष बताया
बदायूं डबल मर्डर केस का दूसरा आरोपी औऱ कातिल का भाई जावेद बरेली में पकड़ा गया है। जावेद ने पुलिस को बताया है कि हादसे के समय वो अपने भाई साजिद के साथ था लेकिन, उसे मालूम नहीं है कि साजिद ने ऐसा क्यों किया। उसका कहना है कि पीड़ित परिवार के साथ उनके अच्छे संबंध थे। उसने पुलिस को बताया कि वो निर्दोष है। वो खुद नहीं समझ पा रहा है कि साजिद ने दोनों बच्चों की हत्या क्यों की। उसने कहा कि हादसे के बाद से कई लोग उसे यही जानने के लिए फोन करते रहे। अंत में उसने परेशान होकर अपना फोन ऑफ कर लिया है। पुलिस को उसने ये भी बताया कि वो किसी तरह के विवाद में नहीं फंसना चाहता है। वो साजिद से छोटा है, लेकिन पूरे घटनाक्रम में उसकी कोई गलती नहीं है। बहरहाल, पुलिस ने जावेद को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ हो रही है। बता दे कि बच्चों की मां ने अपील किया है कि जो भी पूछताछ हो वो उनके सामने हो।