डेस्क:
उत्तराखंड में रिसॉर्ट रिसेप्शनिस्ट के मर्डर (Murder of resort receptionist) के बाद से ही पूरा प्रदेश गुस्से से उबल रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी (Pushkar Singh Dhami) के निर्देश पर शुक्रवार रात को आरोपी पुलकित आर्य के रिसॉर्ट पर बुलडोजर चलाया गया। पुलकित राज्य के पूर्व मंत्री विनोद आर्य (Vinod Arya) का बेटा है। इस घटना के बाद भाजपा ने पुलकित के पिता विनोद आर्य को पार्टी से निकाल दिया है। वे भाजपा नेता और उत्तराखंड सरकार (Government of Uttarakhand) में मंत्री रह चुके हैं।

18-19 सितंबर से गायब थी अंकिता
मिली जानकारी के अनुसार अंकिता 18-19 सितंबर से गायब थी। इसके बाद उसके पिता ने रिसॉर्ट पहुंचकर कर्मचारियों से पूछताछ की थी। बेटी का पता नहीं चलने पर उन्होंने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। सोशल मीडिया पर भी उसकी तलाश के लिए कैंपेन चल रहा था। पुलिस ने शक के आधार पर पुलकित से पूछताछ की। आरोपी ने अंकिता को गंगा में धकेल देने की बात कबूल की। शुक्रवार सुबह अंकिता का शव चीला नहर से बरामद कर लिया गया है। परिजनों ने शव की पहचान की। इससे पहले देर रात रिसॉर्ट को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर दुख जाहिर करते हुए एसआईटी जांच का आदेश दिया है।

जानें कौन है विनोद आर्य
पार्टी के मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने शनिवार के बताया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के निर्देश पर विनोद आर्य और अंकित के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है। विनोद आर्य, हरिद्वार से भाजपा नेता थे। वह उत्तराखंड माटी बोर्ड के अध्यक्ष भी रह चुके हैं और तब उन्हें राज्य मंत्री का दर्जा प्राप्त था। पुलकित का भाई अंकित उत्तराखंड अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) आयोग का उपाध्यक्ष है।