logo

पश्चिम-बंगाल : नगर निकाय चुनाव में धांधली का आरोप लगाकर बीजेपी ने बुलाया बंद, जानिए कैसा रहा असर! 

bangalbandh.jpg

कोलकाता: 

पश्चिम बंगाल में नगर निकाय चुनावों में धांधली और हिंसा का आरोप लगाकर भारतीय जनता पार्टी ने राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया। इस दौरान सिलीगुड़ी में बस सेवा ठप रही। दुकानें भी बंद थीं। बंद के दौरान हुगली रेलवे स्टेशन पर भारतीय जनता पार्टी ने ट्रैक पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया। बीजेपी कार्यकर्ता चुनाव को रद्द किए जाने की मांग कर रहे थे। 

पुलिसकर्मियों से भिड़े बीजेपी कार्यकर्ता
राज्य के बालुरघाट में विरोध प्रदर्शन के दौरान बीजेपी कार्यकर्ता पुलिसकर्मियों से भिड़ गये। कहा जा रहा है कि बीजेपी कार्यकर्ताओं ने पुलिस के साथ हाथापाई की और पत्थरबाजी भी की। इन आरोपों पर पश्चिम बंगाल बीजेपी के अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कहा कि हमारे कार्यकर्ता शांतिपूर्वक धरना प्रदर्शन कर रहे थे। तभी उनकी पिटाई की गई। सुकांत मजूमदार ने पश्चिम बंगाल पुलिस पर टीएमसी के कैडर की तरह व्यवहार करने का आरोप लगाया। कहा कि ये लोकतंत्र के खिलाफ है। 

सैंथिया में बस यातायात पूरी तरह ठप
वीरभूम जिले के सैंथिया में भी बंद का प्रभाव दिखा। बस यातायात पूरी तरह ठप रही। निजी बस सेवा ठप रही वहीं सरकारी बसों की संख्या कम होने की वजह से यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। इस बीच ट्रेनों की आवाजाही जारी रही। यात्री रेलवे स्टेशनों का रूख करते दिखाई दिये। समाचार लिखे जाने तक विरोध प्रदर्शन जारी था। 

इन जिलों में नहीं दिखा बंद का प्रभाव
कुछ स्थानों पर बंद का असर बिलकुल भी नहीं दिखा। उत्तर 24 परगना जिले के बैरकपुर में जनजीवन सामान्य रहा। गौरतलब है कि राज्य में हुए नगर निकाय चुनावों में हिंसा और धांधली का आरोप लगाकर बीजेपी ने 12 घंटे का राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया। इसका समय सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक है। बंद का राज्य में छिटपुट प्रभाव दिख रहा है।