logo

बीजेपी के पास अधिकृत उम्मीदवार नहीं, नाथवानी को समर्थन देकर हॉर्स ट्रेडिंग के खेल में जुटी पार्टी : कैलाश यादव

kailashy.jpg

रांची  

प्रदेश राजद प्रवक्ता कैलाश यादव ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में नामांकन के दौरान बीजेपी एक्सपोज़ हो गई है। विगत दिनों प्रदेश बीजेपी नेता बाबूलाल मरांडी और प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने दावा किया था कि दो सीटों पर होने वाले आगामी राज्यसभा चुनाव में बीजेपी अधिकृत उम्मीदवार उतारेगी, जो आज टाय-टाय फिस हो गया। यादव ने कहा कि राजद की ओर से पहले से ही यह दावा किया जाता रहा है कि मुख्य विपक्षी दल भाजपा के पास राज्यसभा की एक सीट के लिए जरूरी संख्या बल नहीं है। सर्वविदित है कि राज्यसभा की एक सीट के लिए 28 वोट जरूरी पड़ेंगे। फिर भी भाजपा राज्य की जनता को भरमाने का काम करती रही और अंततः जाने-माने उद्योगपति एवं निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी को समर्थन देकर राज्य के लोगों को धोखा देने का काम किया है।

लोगों की आंखों में धूल झोंकने का काम किया
यादव ने कहा कि भाजपा बखूबी जानती है कि उसके पास राज्यसभा की एक सीट के लिए पर्याप्त संख्या बल नहीं है। इसके बावजूद परिमल नाथवानी को समर्थन देकर वह राज्य में धनबल और हॉर्स ट्रेडिंग के गंदे खेल में जुटने का फैसला कर चुकी है। बीजेपी अपनी लाज बचाने एवं मुंह छिपाने के लिए नाथवानी को समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार बता रही है, जबकि सच्चाई यह है कि गौरव बल्लभ के नाम पर पर्चा खरीदकर लोगों की आंखों में धूल झोंकने का काम किया गया। भाजपा की कथनी और करनी में काफी अंतर है। इनके राष्ट्रीय अध्यक्ष झारखंड के गरीब परिवारों को अपना परिवार बताते हैं, लेकिन धन्नासेठ उद्योगपतियों को उम्मीदवार बनाकर गरीबों के मुंह पर तमाचा मारने का काम किया गया है। यादव ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में भाजपा के कथित खेल का पर्दाफाश किया जाएगा और इनके द्वारा प्रायोजित हॉर्स ट्रेडिंग के खेल को बेनकाब कर सार्वजनिक किया जाएगा।

Tags - BJP RajyaSabhaElection ParimalNathwani HorseTrading KailashYadav